उत्तरकाशी। टिहरी बांध से प्रभावित गाजणा क्षेत्र के ग्रामीणों ने राज्य सरकार से मुआवजा देने व अन्य समस्याओं को दूर करने की मांग की है। वहीं टिहरी बांध प्रभावित संघर्ष समिति ने मुख्य सचिव को ज्ञापन सौंपाकर जल्द कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने हाईकोर्ट के निर्णय का हवाला देते हुए गाजणा व प्रतापनगर के करीब 20 हजार परिवारों के लिए डेढ़ लाख रुपये प्रति परिवार देने को कहा है। प्रभावितों ने तय समय में मुआवजा न मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
समिति की अध्यक्ष जबरा राणा ने कहा कि गाजणा व प्रतापनगर के 20 हजार परिवार बीते 11 साल से मदद की राह ताक रहे हैं। हालात ये हैं कि आज हमें ऋषिकेश जाने के लिए दोगुनी दूरी तय करनी पड़ रही है। उधर, उत्तरकाशी व टिहरी जिलों के पूर्व अधिकारियों ने कई बार क्षेत्र की समस्याओं की बात स्वीकारी है। इन जांचों में हर परिवार को मुआवजा देने, 100 यूनिट बिजली निशुल्क देने, उच्च शिक्षा व स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मांग को सही ठहराया गया था, लेकिन राज्य सरकार की ओर से कोई कदम नहीं उठाया गया। ज्ञापन देने वालों में जयंती लाल, रुकमा देवी, बिशना देवी, नारायणी देवी, बांकी लाल, सबल सिंह, गोविंद राम आदि मौजूद थे।