उत्तरकाशी। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह की अध्यक्षता में हुई, जिसमें सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मनरेगा के तहत अधिक रोजगार परक योजनाओं को शामिल किया जाए।
जिला सभागार में आयोजित बैठक में सांसद राज्य लक्ष्मी शाह ने कहा कि मनरेगा के कार्यों की फिल्ड फोटोग्राफी एप के माध्यम से अपलोड की जाए। जिला विकास निगरानी समिति के सदस्यों ने कहा कि चिन्यालीसौड़ सहकारी बैंक में मनरेगा योजना के अंतर्गत मजदूरों की मजदूरी खाते में नहीं आ रही है, जिस पर डीएम ने समस्या का शीघ्र निस्तारण करने का आश्वासन दिया।
सांसद ने जनपद के कूड़ा निस्तारण के लिए जन जागरूकता अभियान के तहत जिलाधिकारी की नई पहल मोबाइल कूपन लक्की ड्रा प्रतियोगिता में पांच वार्डों को सांत्वना पुरस्कार व समस्त नौ वार्डों का एक लक्की ड्रा लाटरी के माध्यम से विजेता का चयन किया गया, जिसमें वार्ड नंबर पांच से सुदीप मोबाइल विजेता रहे, जबकि सांत्वना पुरस्कार वार्ड नंबर एक के सरीत, वार्ड दो से आरती, वार्ड चार से सौम्यवती, वार्ड पांच से देवेश्वरी तथा वार्ड 6 से रमीता सांत्वना पुरस्कार विजेता रही। विजेताओं को एक-एक हजार की किचन संबंधी सामग्री दी गई। वार्ड नंबर चार की आंगनबाड़ी कार्यकत्री संगीता सेमवाल को सर्वाधिक कूपन कलेक्ट करने पर नकद पुरस्कार दिया गया। प्रतियोगिता में 1764 किलो जैविक, 1345 अजैविक कूड़ा एकत्र हुआ, जिसमें 1918 कूपन काटे गए 100 अधिक कूपन वाले वार्डों को लक्की ड्रा में शामिल किया गया।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष रामसुंदर नौटियाल, सीडीओ विनीत कुमार, प्रभारी अधिकारी जिला कार्यालय अनुराग आर्य, जिला विकास अधिकारी, मुख्य कृषि अधिकारी महिधर सिंह तोमर आदि शामिल रहे।