उत्तरकाशी। स्वच्छ भारत अभियान (ग्रामीण) के तहत शहरी विकास एवं जिला प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने कलेक्ट्रेट में ‘स्वच्छता ही सेवा ’ जागरूकता वैन को हरी झंडी दिखाकर ब्लाकों के लिए रवाना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने जिला सभागार में सभी अधिकारियों, ग्राम प्रधानों आर स्कूली बच्चों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।
इस दौरान जिला प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर गांधीनगर(गुजरात) गई जिले की महिला ग्राम प्रधानों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इसके बाद स्वजल परियोजना की ओर से संवेदना समूह ने नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि यह स्वच्छता अभियान दो अक्तूबर तक चलेगा। हमें स्वच्छता को जीवन में अपनाकर महात्मा गांधी के सपनों को आगे बढ़ाना हैं। उन्होंने सभी से इस जागरूकता अभियान में शामिल होने को कहा। उन्होंने कहा कि दो से तीन माह में ग्रामीण क्षेत्रों को भी ओडीएफ किया जाएगा। कूड़ा डंपिंग क्षेत्र के लिए उन्होंने कहा कि इसके लिए डीएम को नोडल अधिकारी बनाया गया है। डंपिंग जोन के लिए भूमि को चिह्नित करें अगर क्षेत्र वन विभाग के तहत आ रहा है तो वन एवं पर्यावरण मंत्रालय से स्वीकृति ली जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की जागरूकता के कारण 30 से 35 डंपिंग जोन को चिह्नित कर वन एवं पर्यावरण मंत्रालय केंद्र सरकार को स्वीकृति को भेजा गया है। इस मौके पर डीएम डा आशीष कुमार श्रीवास्तव, गंगोत्री विधायक गोपाल सिंह रावत, ब्लॉक प्रमुख चंदन सिंह पंवार, सीडीओ विनीत कुमार, जिला महामंत्री भाजपा विजय संतरी आदि शामिल रहे।