बड़कोट। राजेंद्र सिंह रावत महाविद्यालय में शिक्षकों की तैनाती को लेकर दो छात्र संगठन आपस में ही भिड़ गए। एक संगठन शिक्षकों की मांग को लेकर प्रदर्शन करना चाहता था, जबकि विपक्षी गुट ने इस पर ऐतराज जताया था। जिसके बाद कालेज परिसर में ही दोनों गुट आपस में भिड़ गए थे। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद दोनों गुटों को शांत किया गया।
महाविद्यालय में चल रही शिक्षकों की कमी को लेकर काफी समय से छात्र संगठन प्रदर्शन कर रहे हैं। इस मुद्दे को लेकर आर्यन ग्रुप ने बृहस्पतिवार को भी जुलूस निकालने का मन बनाया था, लेकिन एबीवीपी संगठन द्वारा इसका विरोध किया गया। एबीवीपी का कहना था कि शासन द्वारा जल्द ही नए शिक्षक नियुक्त कर दिए जाएंगे, जबकि आर्यन ग्रुप जुलूस निकालने पर अड़ा रहा। इसको लेकर दोनों गुट कालेज परिसर में ही भिड़ गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने बिना अनुमति के प्रदर्शन करने पर रोक लगा दी, जिसका आर्यन संगठन द्वारा विरोध किया गया। एसओ विनोद थपलियाल ने बताया कि छात्र संगठन द्वारा बिना अनुमति के जुलूस निकाला जा रहा था, जिसे रोक दिया गया है।