उत्तरकाशी। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत बाड़ाहाट पालिका सभागार में एक दिवसीय जिला अभिमुखीकरण कार्यशाला का शुभारंभ किया गया, जिसमें जनपद की सभी पालिका व नगर पंचायतों में सर्वेक्षण कार्य के लिए प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यशाला में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी उत्तरकाशी डा. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि योजना का सुपरविजन प्रधानमंत्री कार्यालय से किया जा रहा है। उन्होंने कार्यशाला के नोडल अधिकारी/अधिशासी अधिकारी पालिका परिषद बाड़ाहाट को कार्यशाला में अनुपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों की सूची उपलब्ध कराने व जवाब-तलब के निर्देश दिए। पालिका व नगर पंचायत के प्रत्येक वार्ड में एक-एक सर्वेयर तैनात किए जाए और एसडीएम इसका सुपरविजन करें। विशेषज्ञ रमेश चौहान व आशीष कठैत ने प्रशिक्षणार्थियों को योजना की रूपरेखा, पात्रों के चयन संबंधी शर्तों की जानकारी दी। पालिकाध्यक्ष जयेंद्री राणा ने कहा कि योजना का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचे इसके लिए सर्वेक्षण किया जाए। जिला परियोजना प्रबंधक (सूडा) जगदीश प्रसाद रतूड़ी ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) का सर्वेक्षण कार्य 13-25 जुलाई तक किया जाएगा। इस मौके पर अध्यक्ष नगर पंचायत पुरोला पीएल हिमानी, सभासद कमला देवी, सुशील कुमार कुरील अधिशासी अधिकारी, शालनी भरोटियाल, एलम सिंह पंवार, विकास मद्रवाल, संतोष चमोली, जयनंद सेमवाल, कुसुम राणा, पीएस राणा, आशीष जोशी, पवना सेमवाल, निर्मला राणा, जयहरी श्रीवास्तव आदि मौजूद थे।