आपदा पीड़ितों के लिए गुजरात राज्य पेट्रोलियम कारपोरेशन ने अनोखी किट भेजी है। मंझोले किस्म के गत्ते (किट) में 37 किस्म का सामान रखा हुआ है। हर सामान गृहस्थी के रोजमर्रा काम के लिए जरूरी है।
पढ़े, उत्तराखंड की खबरों की विशेष कवरेज
गुजरात राज्य पेट्रोलियम कारपोरेशन ने एक हजार गत्ते आपदा पीड़ितों के लिए भेजे हैं। यह सामान ट्रेन की दो बोगियों में भरकर आया है। इसमें घरेलू सामान बहुत सलीके से रखा गया है। एडीएम प्रशासन बंशीधर तिवारी ने बताया कि आधे से ज्यादा किटों को आपदा प्रभावित क्षेत्रों में भेज दिया गया है। किट के ऊपर अंदर रखे सामानों की सूची भी चिपकी हुई है।
उन्होंने बताया कि आपदा पीड़ितों के लिए लोग तरह-तरह की सामग्री भेज रहे हैं। कोई खाने का सामान भेज रहा है तो कोई ओढ़ने-बिछाने के लिए। फिलहाल राहत सामग्री से महाराणा प्रताप स्पोर्टस कालेज स्थित कलेक्शन सेंटर के तीन गोदाम फुल हैं। औसत 35 वाहन प्रतिदिन राहत सामग्री लेकर आपदा प्रभावित क्षेत्रों में जा रहे हैं।
किट की सामग्री
नमक एक किलो, मिर्च आधा किलो, हल्दी एक पाव, धनिया एक पाव, राई आधा किलो, सरसों का तेल एक लीटर, चावल पांच किलो, मूंग की दाल पांच किलो, आटा पांच किलो, चना दो किलो, दूध पाउडर एक किलो, दलिया एक किलो, मोमबत्ती पांच पैकेट, माचिस दो पैकेट, पारले जी दो पैकेट, चीनी दो किलो, चाय पत्ती एक किलो, टार्च सेल एक नग, टूथ पेस्ट तीन, टूथ ब्रश तीन, टंग क्लीनर तीन, कंघा एक, शीशा एक, स्टील प्लेट छह, ग्लास छह, स्टील कटोरी छह, स्टील तपेला तीन, चम्मच छह, स्टील डिब्बा तीन, प्लास्टिक कंटेनर एक, स्टोव एक, सड़सी एक, कंबल तीन, तौलिया दो, रुमाल छह, साड़ी दो और एक कैंची।