सितारगंज। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत लोगों को जागरूक करने के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें जनप्रतिनिधियों, उद्योग जगत से जुड़े लोगों, पीएफ विभाग के अधिकारियों, विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों और कर्मचारियों ने सहभागिता की।
शुक्रवार शाम को सिडकुल स्थित पारले बिस्किट्स कंपनी में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथि ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल और चेयरमैन सुखदेव सिंह ने किया। सितारगंज-सिडकुल इंडस्ट्रीज वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष दुर्गेश मोहन ने कहा कि प्रधानमंत्री विकसित भारत योजना के तहत अब युवाओं को पहली नौकरी ज्वाॅइन करने पर मासिक वेतन के अलावा सरकार 15 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि प्रदान करेगी। इसके अलावा सरकार नए रोजगार पैदा करने वाले नियोक्ताओं को प्रति अतिरिक्त कर्मचारी के लिए तीन हजार प्रतिमाह तक की सहायता प्रदान करेगी। कार्यक्रम के दौरान योजना की विशेषताओं, लाभों और इसके प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में महासचिव विनय डबराल, सावन गुप्ता, रितनेश चौहान, पीएफ कमिश्नर आकाश वर्मा आदि रहे।