रुद्रपुर स्पोर्टस स्टेडियम में ट्रायल में प्रतिभाग करता खिलाड़ी।
- फोटो : RUDRAPUR
महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून और हरि सिंह थापा स्पोर्ट्स कॉलेज पिथौरागढ़ में कक्षा छह में प्रवेश के लिए दूसरे दिन हॉकी, फुटबॉल, क्रिकेट, जूडो और बॉक्सिंग के लिए 20 खिलाड़ियों ने फिटनेस और स्किल परीक्षा दी। इसमें से आठ खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय ट्रायल के लिए हुआ। राष्ट्रीय खेल हॉकी में ट्रायल देने के लिए किसी भी खिलाड़ी ने रुचि नहीं दिखाई।
दूसरे दिन एथलेटिक्स के ट्रायल के लिए भी एक खिलाड़ी स्टेडियम पहुंचा। उसका भी प्रशिक्षकों ने ट्रायल लिया लेकिन ट्रायल में असफल होने के कारण खिलाड़ी का राज्य स्तरीय ट्रायल में चयन नहीं हो सका। देहरादून से खिलाड़ियों का ट्रायल लेने पहुंचे वॉलीबाल कोच प्रदीप कौशल ने बताया कि फुटबॉल ट्रायल में चार खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इसमें रोहित बैरागी और रुद्रा पटवाल का चयन किया गया।
क्रिकेट में 10 खिलाड़ियों ने ट्रायल दिया उसमें नमन, दुष्यंत और उज्ज्वल सिंह का चयन किया गया। जूडो में तीन खिलाड़ियों में से लक्ष्मण सिंह और गौरव आर्या का चयन हुआ। जबकि बॉक्सिंग में पहुंचे एक खिलाड़ी प्रतीक नेगी का चयन किया गया। वहां यूओए के महासचिव डीके सिंह, हॉकी कोच सुरेश, एथलेटिक्स कोच लोकेश कुमार, क्रिकेट कोच पवन पाल, फुटबॉल कोच तरुण नेगी, बॉक्सिंग कोच ललित कुंवर थे।
गूलरभोज में मार्च में होगी राष्ट्रीय जल क्रीड़ा प्रतियोगिता
रुद्रपुर। पिछली बार की तरह इस बार भी गूलरभोज में राष्ट्रीय जल क्रीड़ा प्रतियोगिता करवाई जाएगी। जिला प्रशासन की हामी के बाद पर्यटन विभाग की ओर से उत्तरांचल ओलंपिक एसोसिएशन से प्रस्ताव मांगा गया है। जिला पर्यटन अधिकारी पीके गौतम ने बताया कि राष्ट्रीय जल क्रीड़ा का प्रस्ताव मिलने के बाद प्रतियोगिता शुरू करवाई जाएगी। इसमें क्याकिंग, कैनोइंग, स्कीइंग आदि खेलों का आयोजन कोविड-19 को देखते हुए किया जाएगा। संवाद