रुद्रपुर में विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर युवक से ठगी हो गई। एजेंट ने विजिटर वीजा को एडिट कर वर्क वीजा बताया और युवक को दुबई भेज दिया। वहां पहुंचने पर वीजा फर्जी पाए जाने पर युवक को नौकरी से निकाल दिया गया और उसपर जुर्माना भी लगाया गया।
रुद्रपुर के वार्ड 21 निवासी मुजाहिद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि प्रीत विहार निवासी अलीन खान का आवास विकास में जेड ग्लोबल के नाम से कार्यालय है। अलीन ने उसे दुबई में नौकरी दिलाने और वर्क परमिट पर भेजने का भरोसा दिया था। मुजाहिद ने अपनी बाइक और जेवर बेचकर दो लाख रुपये अलीन को दे दिए। आरोप है कि अलीन ने विजिटर वीजा को एडिट कर वर्क वीजा जैसा बनाकर उसे भेज दिया। वहां पहुंचने पर वीजा के विजिटर श्रेणी के होने का पता चला। इसके बाद उसे कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा और जुर्माना भी भरना पड़ा। काफी मुश्किलों के बाद वह भारत लौट सका।
वापस लौटने पर रकम मांगी तो आपोपी ने 30 हजार रुपये ही वापस किए। शेष 1.70 लाख रुपये देने से मना कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। सीओ विभव सैनी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।