काशीपुर/हल्द्वानी। साप्ताहिक बंदी के दिन छुट्टी मनाने काशीपुर आए हल्द्वानी के बनभूलपुरा निवासी चार युवक महादेव नहर में नहाने लगे। इस बीच एक युवक नहर के तेज बहाव में बह गया। पुलिस, प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम ने पांच किलोमीटर दूर तक युवक की तलाश में अभियान चलाया, लेकिन उसका पता नहीं चला। रात होने पर अभियान रोक दिया गया।
शनिवार को हल्द्वानी बाजार बंद रहता है। बनभूलपुरा के चार दोस्त मोहम्मद कामिल (20) पुत्र मोबीन, मोहम्मद तारिम, सगीर खान और फैजान ने कहीं घूमने का निर्णय लिया। चारों युवक कार से काशीपुर आ गए। तारिम ने बताया कि महादेव नहर पानी से लबालब बह रही थी। नहर किनारे कई बच्चे और किशोर नहा रहे थे। उन्होंने भी नहाने का निर्णय लिया। सभी नहाने की तैयारी कर ही रहे थे तभी मोहम्मद कामिल नहर में कूद गया। थोड़ी देर नहाता दिखा, लेकिन अचानक वह तेज बहाव में बहने लगा। उन्होंने उसे बचाने का प्रयास किया। शोर-शराब होने पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पानी का बहाव इतना तेज था वह चंद मिनटों में ही आंखों से ओझल हो गया। युवकों ने बताया कि सभी हल्द्वानी में छोटी-बड़ी दुकानों में काम करते हैं। घूमने के लिए केवल शनिवार का दिन मिलता है, इसलिए आज सभी यहां आ गए थे।
उधर सूचना पर एसडीएम अभय प्रताप सिंह, तहसीलदार युसूफ अली, एसपी अभय प्रताप घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने जो युवक बह गया उसके दोस्तों से जानकारी ली। पुलिस ने लगभग दो किलोमीटर तक नहर में तलाश किया लेकिन मोहम्मद कामिल नहीं मिला।
तीसरी बार छलांग लगाने में डूबा युवक
काशीपुर। मोटेश्वर महादेव के पास मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मोहम्मद कामिल ने माइनर की पुलिया से दो बार छलांग लगाई। जब उसने तीसरी बार छलांग लगाई तब नहर के तेज बहाव में बह गया। इस घटना से मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गयी।
रुद्रपुर से पहुंची एनडीआरएफ की टीम
काशीपुर। एसडीएम अभय प्रताप सिंह ने बताया कि युवक को तलाशने के लिए रुद्रपुर से एनडीआरएफ की टीम बुलाई। एनडीआरएफ की टीम ने घटनास्थल से महादेव नहर में पांच किलोमीटर दूर दड़ियाल मार्ग तक तलाश किया। समाचार लिखे जाने तक युवक का कहीं कोई सुराग नहीं लगा। संवाद
तीन बहनों का इकलौता भाई है कामिल
हल्द्वानी। काशीपुर में नहर में बहा कामिल तीन बहनों का इकलौता भाई है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही क्षेत्र के लोग काशीपुर के लिए रवाना हो गए। परिजनों ने बताया कि कामिल ने इसी साल केवीएम स्कूल से इंटर किया है।
काशीपुर में जिस कार से आए थे युवक। संवाद