रुद्रपुर पुलिस लाइन में आयोजित कार्निवाल में नशा मुक्ति बैनर पर हस्ताक्षर करते एसएसपी।
- फोटो : अमर उजाला
युवाओं और स्कूली छात्रों में बढ़ती नशे की प्रवृति को रोकने के लिए सोमवार को पुलिस लाइन में ‘से नो टू ड्रग्स’ कार्निवाल का आयोजन किया। जिले भर से आए 30 स्कूलों के बच्चों ने कार्यक्रम में प्रतिभाग कर जहां नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी, वहीं ‘से नो टू ड्रग्स’ के बैनर पर हस्ताक्षर कर नशे के खिलाफ लड़ने का संकल्प भी लिया।
एसएसपी डा. सदानंद दाते की पहल पर आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत नन्हे-मुन्नों ने रंग-बिरंगे गुब्बारों के साथ ‘से नो टू ड्रग्स’ के बैनर को हवा में उड़ाकर की। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए बनाए गए मंच पर स्कूली छात्राओं ने गणेश वंदना की प्रस्तुति दी। डिग्री कॉलेज के छात्रों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे से दूर रहने की अपील। पुलिस लाइन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं आरक्षी महिलाओं ने नृत्य के माध्यम से नशे से दूर रहकर परिवार में खुशी बिखेरने का संदेश दिया।
पंजाबी, हिंदी और कुमाऊंनी गीतों के माध्यम से छात्रों ने नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाई। कार्यक्रम में आयोजित पोस्टर पेंटिंग प्रतियोगिता में सेंट मैरी स्कूल ने प्रथम, आरएएन ने दूसरा और जेसीज पब्लिक स्कूल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
एकल पेंटिंग प्रतियोगिता में सेंट मैरी स्कूल के ऋतिक सिंह को प्रथम, विनय को द्वितीय और जेसीज स्कूल के आंचल दोशाद को तृतीय स्थान मिला। स्नोगन प्रतियोगिता में प्रियांशी पाठक विजयी रहीं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में महिला आरटीसी पुलिस लाइन ने पहला, वंदना जोशी को दूसरा अंकिता और मीनाक्षी को तीसरा स्थाना मिला। कार्यक्रम में एसपी क्राइम कमलेश उपाध्याय, एसपी देवेंद्र पिंचा, डा. जगदीश चंद्र, सीओ स्वतंत्र कुमार, कोतवाल तुषार बोरा, आरआई हीरा सिंह राणा सहित पूरे जिले के पुलिस अधिकारी और अन्य लोग मौजूद रहे।