काशीपुर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) छात्र-छात्राओं को सशक्त बनाकर रोजगार मुहैया कराने के लिए भरसक प्रयास कर रहा है। इस दौरान कई ट्रेडों के करीब ढाई सौ छात्र-छात्राएं उद्योगों में ऑन जॉब ट्रेनिंग (ओजीटी) के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
आईटीआई में मैकेनिक मोटर व्हीकल, वेल्डर, टर्नर, फीटर, मशीनिस्ट, बिजली कार, इलेक्ट्रीशियन, वायरमैन, आईटीएसएम, ट्रैक्टर मैकेनिक, बेसिक कॉस्मेटोलॉजी, फैशन डिजाइनिंग ट्रेक्नालॉजी, स्वीइंग टेक्नालॉजी, कोपा संचालित है।
मोटर मैकेनिक, मशीनिष्ट, इलेक्ट्रोनिक्स, वेल्डर, फीटर आदि के अंतिम वर्ष के करीब ढाई सौ छात्र-छात्राओं को क्षेत्र के उद्योग हुंडई, महींद्रा, टाटा मोटर्स आदि में प्रशिक्षण के लिए भेजा गया है। यहां उन्हें उद्योगों में काम करने के तरीके, मशीनों और अन्य की जानकारी दी जा रही है। इस दौरान उन्हें आवाजाही के लिए परिवहन, लंच और कुछ पॉकेट मनी आदि की सुविधा भी मुहैया हो रही है।
प्रधानाचार्य जेपी टम्टा ने बताया कि ऑन जॉब ट्रेनिंग (ओजीटी) के तहत 2024 के अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं को स्थानीय उद्योगों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आईटीआई से उत्तीर्ण होने के बाद प्रशिक्षण प्राप्त छात्रों को उद्योगों में नौकरी करने में आसानी होगी।