रुद्रपुर। छात्रसंघ चुनाव की घोषणा के बाद अब डिग्री कॉलेज में कक्षा संचालन की भी तैयारी शुरू कर दी है। अभी तक यूजी और पीजी में छात्र-छात्राओं की प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। यूजी में सीटें लगभग भरने के बाद कॉलेज प्रशासन ने कक्षा संचालन के आदेश जारी किए हैं।
एसबीएस डिग्री कॉलेज में बीए प्रथम सेमेस्टर में 1399, बीकॉम में 611, विज्ञान बायो वर्ग में 233 और विज्ञान मैथ वर्ग में 133 प्रवेश किए जा चुके हैं। यूजी और पीजी के लिए सभी अध्यापकों की ड्यूटी प्रवेश प्रक्रिया में लगाई है। समर्थ पोर्टल पर किए गए रजिस्ट्रेशन के अनुसार एक-एक छात्र-छात्रा का प्रवेश कराया जा रहा है। इधर कुमाऊं विवि प्रशासन ने 27 सितंबर तक छात्रसंघ चुनाव भी कराने के आदेश जारी कर दिए हैं। कॉलेज प्रशासन भी तैयारियों में जुटा है। प्रभारी प्राचार्य डॉ. सर्वजीत सिंह ने बताया कि कॉलेज में सभी प्राध्यापकों की ड्यूटी प्रवेश प्रक्रिया में लगी है। अब प्रवेश लगभग हो चुके हैं तो अब कक्षा संचालन शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही छात्रसंघ चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए भी पूरी तैयारियां करनी हैं। मंगलवार से नियमित कक्षाओं का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।