काशीपुर। थाईलैंड में आयोजित विश्व स्ट्रेंथलिफ्टिंग चैंपियनशिप में काशीपुर के वेटलिफ्टर (भारोत्तोलक) राजीव चौधरी ने कांस्य पदक जीता है।
16-19 जुलाई तक थाईलैंड में 12वीं वर्ल्ड स्ट्रेंथलिफ्टिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। काशीपुर के राजीव चौधरी ने 95 किलो से अधिक भार वर्ग मास्टर में प्रतिभाग किया। उन्होंने इनक्लाइन बैंच में 153 किलो भार उठाकर कांस्य प्राप्त किया है। बताया कि 1995 से वेटलिफ्टिंग खेल शुरू किया था।
निरंतर अभ्यास के दम पर इससे पहले राष्ट्रीय स्तर पर 5 स्वर्ण समेत 11 पदक जीत चुके हैं। विभिन्न देशों में अंतरराष्ट्रीय 7 और एशियन चैंपियनशिप में छह पदक अब तक हासिल किए हैं। पूर्व सांसद केसी सिंह बाबा, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली, नरेंद्र चंद सिंह, विजेंद्र चौधरी, कश्मीर सिंह पन्नू, हरीश त्रिपाठी, मदन ठाकुर आदि ने बधाई दी है। संवाद