काशीपुर। काशीपुर के चिराग और बाजपुर की मंदीप ने थाईलैंड में पांच एशियन पदक हासिल किए हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन से यह जीत हासिल की है। अब जुलाई में ब्रिटेन के अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में जाने की तैयारी है।
थाईलैंड के नखोन रात्चासीमा में 17 से 22 जून तक एशियन पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। इसमें काशीपुर, बाजपुर और रुद्रपुर के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान शानदार प्रदर्शन कर महिला वर्ग सिंगल्स में बाजपुर की मनदीप कौर ने रजत, महिला वर्ग डबल्स में पार्टनर मनीषा रामदास के साथ कांस्य और मिक्सड डबल्स में पार्टनर चिराग बरेठा के साथ खेल कर कांस्य पदक जीते। काशीपुर के चिराग ने मिक्स्ड डबल्स पार्टनर मनदीप कौर के साथ खेलकर कांस्य और मेंस डबल्स में पार्टनर राजकुमार के साथ खेल कर भी कांस्य पदक हासिल किया। चिराग ने बताया कि यह चैंपियनशिप चार साल में होती है। 22 से 27 जुलाई तक ब्रिटेन में अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप का आयोजन होगा। इसमें तीनों खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। तीनों खिलाड़ी लखनऊ में द्रोणाचार्य अवॉर्डी कोच गौरव खन्ना से प्रशिक्षण लेते हैं।