रुद्रपुर। गर्मी के चलते दोमंजिले भवन की छत पर सो रहा युवक संतुलन बिगड़ने की वजह से जमीन पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ट्रांजिट कैंप की नारायण काॅलोनी में चरन सिंह (19) अपने परिवार के साथ रहता था। बृहस्पतिवार को गर्मी के चलते वह सोने के लिए छत पर चला गया था। छत पर अन्य परिजन भी सोए हुए थे। रात करीब एक बजे चरन छत से अचानक नीचे गिर गया। जैसे ही परिजनाें को जानकारी हुई तो उसे 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले गए लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली। मृतक दो बहन और चार भाइयों में सबसे छोटा था। मृतक के भाई हरीश ने बताया कि चरन मजदूरी करता था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। ब्यूरो
छत से गिरकर किशोर घायल
बाजपुर। गांव नंदपुर नकरा टोपा निवासी आठ वर्षीय इशांत हुसैन शुक्रवार को पड़ोस में रहने वाले एक किशोर के साथ मकान की छत पर खेल रहा था। अचानक इंशात हुसैन छत से गिर गया। चीखपुकार सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। इशांत हुसैन ने अपने साथी किशोर पर धक्का देने का आरोप लगाया है। परिजन सरकारी अस्पताल में इलाज कराकर घर ले गए। संवाद