जमीनी विवाद के चलते दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। मारपीट में घायल एक ग्रामीण ने सरकारी अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतक के भाई ने दूसरे पक्ष के दो सगे भाईयों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बृहस्पतिवार सुबह जसपुर के ग्राम धर्मपुर निवासी ऋषिपाल (50) पुत्र लाखन सिंह का पड़ोस में रहने वाले दो भाईयों से जमीन को लेकर विवाद हुआ था। दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। घायल ऋषिपाल को उसका भाई जसविंदर उपचार के लिए अस्पताल लाया, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के छोटे भाई जसविंदर ने बताया कि करीब 12 साल पहले उन्होंने दूसरे पक्ष के लोगों को अपनी एक बीघा जमीन और उनकी सवा बीघा जमीन की स्टांप पेपर में अदला बदली कर दी थी। जमीन की कीमत बढ़ी तो दूसरे पक्ष के लोग पुरानी जमीन को वापस मांगने लगे। इसी के चलते उनका उसके भाई से अक्सर विवाद होता रहता था।
उसने आरोप लगाया कि बृहस्पतिवार को भी आरोपी भाईयों ने उसके भाई ऋषिपाल संग मारपीट की और उसे जहरीला पदार्थ देकर मार दिया। जसविंदर ने कहा कि ऋषिपाल ने मरने से पहले उसे जहर खिलाने की बात बताई थी। मृतक की कोई औलाद नहीं है। पुलिस मृतक का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल जसविंदर की तरफ से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है। ब्यूरो