फैक्ट्री में मशीन पर काम करने के दौरान चार अंगुलियां गंवा चुका श्रमिक न्याय के लिए भटक रहा है। ठेकेदार और फैक्ट्री प्रबंधन से कोई मदद नहीं मिलने के बाद पीड़ित ने डीएम से न्याय की गुहार लगाई है। डीएम को दिए पत्र में वार्ड दो शिवनगर निवासी मुनीष पुत्र जयओम का कहना है कि वह सिडकुल सेक्टर 11 स्थित एक फैक्ट्री में ठेकेदार के अधीन काम करता था। 19 मई को प्रबंधन ने मनमानी दिखाते हुए उसे खराब मशीन पर काम करने के लिए भेज दिया।
काम करने के दौरान मशीन में तकनीकी खराबी के कारण उसकी चार अंगुलियां मशीन की चपेट में आकर कट गई। मुनीष के मुताबिक चार अंगुलिया कटने के बाद प्रबंधन और ठेकेदार ने उसे उसके हाल पर छोड़ दिया। उसका इलाज शहर के निजी अस्पताल में चल रहा है। उसे न तो इलाज का खर्च दिया जा रहा है और न ही उसके भविष्य में रोजगार मिलने की कोई उम्मीद है।