रुद्रपुर। अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर सिडकुल ब्रिटेनिया फैक्ट्री के बाहर धरना देने पहुंचे ब्रिटेनिया कामगार यूनियन के सदस्यों की पुलिस से झड़प हो गई। इसके बाद पुलिस ने उन्हें मौके से खदेड़ कर फैक्ट्री के बाहर अपना पहरा बैठा दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सोमवार देर रात यूनियन अध्यक्ष दिनेश चंद्र जोशी के साथ हुई मारपीट के मामले पर भी आक्रोश व्यक्त करते हुए फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।
मंगलवार को सिडकुल स्थित ब्रिटेनिया कंपनी के स्थापना समारोह के दौरान ब्रिटेनिया कामगार यूनियन के सदस्यों की सिडकुल चौकी पुलिस के साथ झड़प हो गई। इसके बाद पुलिस ने उन्हें वहां से खदेड़ दिया। यूनियन अध्यक्ष दिनेश का आरोप था कि यूनियन अपनी पांच सूत्री मांगों को लेकर सांकेतिक धरना देने पहुंची थी लेकिन पुलिस ने उनसे अभद्रता कर उन्हें वहां से खदेड़ दिया।
पांच सूत्री मांगों मेें छह माह पूर्व कंपनी से निकाले गए यूनियन अध्यक्ष दिनेश जोशी की बहाली, स्थापना दिवस में महिला संविदा कर्मियों को शामिल करना, श्रमिकों के तबादलों को रोकना, उनकी यूनियन को स्वीकार करना, फैक्ट्री की कैंटीन में साफ खाना देना था।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों का यह भी आरोप था कि सोमवार को जब यूनियन अध्यक्ष दिनेश जोशी फैक्ट्री प्रबंधन से वार्ता करने पहुंचे तो प्रबंधन ने वार्ता से इंकार कर दिया और घर वापसी के समय मोटाहल्दू के पास अपने भेजे गुंडों से पिटवा दिया।
इसके विरोध में भी प्रदर्शनकारियों ने फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। फैक्ट्री प्रबंधन की सूचना पर पहुंची सिडकुल चौकी पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया तो वह नहीं माने। इस पर उन्हें मौके से खदेड़ना पड़ा। देर शाम तक फैक्ट्री के बाहर पुलिस का पहरा रहा।