रुद्रपुर। शहर के बहुप्रतीक्षित हाईटेक रोडवेज बस टर्मिनल (आरएसबीटी) का निर्माण कार्य तीन महीने के बाद फिर से शुरू हो गया है। 80 करोड़ की लागत से बन रहे टर्मिनल का काम अतिक्रमण और तकनीकी अड़चनों के चलते ठप पड़ा था। कार्यदायी संस्था ने कार्य को तेजी से पूरा करने के लिए मजदूरों की संख्या भी बढ़ा दी है।
हाईटेक बस स्टेशन के लिए 2016 में टेंडर प्रक्रिया हुई थी। 2018 में कार्यदायी संस्था ने काम शुरू किया था लेकिन मुख्य गेट के सामने बनी 51 दुकानों के अतिक्रमण के कारण काम बार-बार रुक रहा था। इससे यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही थी और अस्थायी व्यवस्था से ही काम चलाना पड़ रहा था। पिछले दिनों प्रशासन ने दुकानों को हटा दिया था। इसके बाद रुद्रपुर डिपो प्रबंधन ने निगम मुख्यालय और महाप्रबंधक कुमाऊं को पत्र भेजकर अतिक्रमण हटने की जानकारी दी। कार्यदायी संस्था को भी जल्द काम शुरू करने के लिए पत्र भेजा। कार्यदायी संस्था के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर दोबारा निर्माण शुरू कर दिया है।
कोट:
अतिक्रमण हटने के बाद निगम मुख्यालय और कार्यदायी संस्था को पत्र भेजा गया था। कार्यदायी संस्था ने अब काम शुरू कर दिया है। जल्द निर्माण पूरा कराने के प्रयास हैं ताकि यात्रियों को हो रही असुविधा खत्म हो सके। -मधुसूदन मिश्रा, सहायक महाप्रबंधक रुद्रपुर डिपो