रुद्रपुर। परिवहन विभाग के सारथी पोर्टल के काम न करने से एआरटीओ कार्यालय में सोमवार दोपहर बाद कामकाज प्रभावित रहा। दफ्तर में पहुंचे लोगों को बगैर काम कराए लौटना पड़ा।
सोमवार दोपहर करीब सवा बजे सारथी पोर्टल ने काम करना बंद कर दिया। उससे पहले कामकाज सुचारु ढंग से हो रहा था। पोर्टल में खराबी आने से लाइसेंस, वाहन संबंधी काम कराने कार्यालय आए लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। टैक्स जमा करने के साथ ही वाहन ट्रांसफर, नए वाहन के रजिस्ट्रेशन का काम प्रभावित हुआ। एआरटीओ कार्यालय के पटलों पर लोगों की भीड़ लगी रही। लोग पोर्टल की खराबी दूर करने का इंतजार करते रहे।शाम पांच बजे तक भी पोर्टल की खराबी दूर न होने से लोगों को बैरंग लौटना पड़ा।
कोट-मुख्यालय से ही पोर्टल में खराबी आई थी। विभागीय आईटी की टीम पोर्टल की खराबी दूर करने में जुटी है। जल्द पोर्टल की खराबी दूर होने की उम्मीद है। मंगलवार से कामकाज सुचारू हो जाएगा।-मोहित कोठारी, एआरटीओ (प्रशासन)।
काशीपुर दफ्तर में सुस्त गति से हुए काम
काशीपुर। परिवहन विभाग के सॉफ्टवेयर में अचानक तकनीकी दिक्कतें आने से वाहन संबंधी कार्य धीमी गति से हो सके। कई वाहन स्वामियों को वापस भी लौटना पड़ा। एआरटीओ कार्यालय में ड्राइविंग लाइसेंस के लिए सारथी और पंजीकरण के लिए वाहन साॅफ्टवेयर संचालित होता है। सोमवार को सुबह से ही सॉफ्टवेयर परेशान करने लगा था। जसपुर, बाजपुर, काशीपुर आदि क्षेत्रों से वाहन संबंधी कार्य के लिए पहुंचे स्वामियों को घंटों तक इंतजार करना पड़ा। समय लगता देख कई वाहन स्वामी वापस लौट गए। एआरटीओ प्रवर्तन विमल पांडे ने बताया कि मेरी ड्यूटी चुनाव में बाजपुर लगी हुई है। सॉफ्टवेयर में कभी-कभी दिक्कत आ जाती है।