काशीपुर। लंबे समय से धनराशि के लिए भटक रही महिलाओं को सरकार से बजट जारी होने पर राहत मिल गई है। कर्मी ने ऑनलाइन पंजीकरण करके धनराशि उनके खाते में डाल दी है।
राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारायण नगर में अप्रैल से जून तक 14 महिलाओं के प्रसव हुए। जननी सुरक्षा योजना (जेएसवाई) के तहत प्रसव के बाद लाभार्थियों को 1400 रुपये की धनराशि मिलती है। काफी समय से बजट का अभाव बना हुआ था। इसके लिए महिलाएं पीएचसी के चक्कर लगा रही थीं। दूर-दराज से आने के बाद भी बजट नहीं आने की जानकारी मिलने पर मायूस होकर वह वापस लौटती रही थीं। वहीं, एक सप्ताह पूर्व राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) से बजट जारी हो गया है। कर्मचारी ने ऑनलाइन पंजीकरण करके धनराशि लाभार्थियों के खाते में डाल दी है। महिलाओं ने बताया कि वह तीन महीने से धनराशि के लिए चक्कर लगा रही थीं। तीन महीने बाद उन्हें धनराशि मिली है। पीएचसी नारायण नगर में तैनात एनएचएम कर्मी कमल तिवारी ने बताया कि जेएसवाई का बजट मिल गया है। लाभार्थियों के खाते में धनराशि भेज दी है।