रुद्रपुर। खटीमा के पहैनिया कलस्टर की महिलाओं की ओर से तैयार किए गए कुशन, शॉल आदि के उत्पाद जापान की राजधानी टोक्यो के स्थानीय बाजार में प्रचार के लिए रखे हुए हैं। जल्द ही पहैनिया कलस्टर की महिलाओं को जापान से कुशन, मफलर, शॉल आदि के आर्डर मिलने वाले हैं। इसके लिए कलस्टर की महिलाएं तैयारी कर रही हैं।
खटीमा के पहैनिया में महिलाओं को हथकरघा सेंटर में कुशन, दरी, शॉल आदि का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। दो शिफ्ट में 80-80 यानी कुल 160 महिलाएं हैंडलूम के विभिन्न उत्पाद बनाना सीख रही हैं। प्रशिक्षु महिलाओं की ओर से तैयार की गई तकिया और शॉल जापान इंटरनेशनल कोऑपरेटिव एजेंसी के बिजनेस कंसल्टेंट ओगावा हिरोशी को काफी पसंद आई थी। वह महिलाओं से मिलने खटीमा में भी पहुंचे थे। उन्हें महिलाओं की ओर से बनाए गए हथकरघा के विभिन्न उत्पाद काफी पसंद आए हैं। अब वह इन उत्पादों का जापान के स्थानीय बाजार में प्रचार कर रहे हैं।
यूएस नगर की महिलाओं की ओर से तैयार तकिया व शॉल का ओगावा हिरोशी ने जापान में प्रचार के लिए लगाया है। अगर जापान के लोगों को उत्तराखंड में बनीं शॉल व तकिया अच्छे लगे तो जल्द ही वहां से महिलाओं को ऑर्डर मिल जाएगा। इसके बाद महिलाएं ऊन से बनें मफलर आदि भी तैयार करेंगी। - हिमांशु जोशी, परियोजना निदेशक