फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हर्ष फायरिंग में गोली लगने से महिला घायल

Tue, 05 Mar 2019 12:12 AM IST
अरुण कुमार अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
काशीपुर के निजी अस्पताल में भर्ती घायल महिला। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

सगाई समारोह में हर्ष फायरिंग के दौरान पीठ में गोली लगने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। इससे समारोह में अफरातफरी मच गई। घायल को मुरादाबाद मार्ग स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। ऑपरेशन के बाद महिला की स्थिति में सुधार बताया गया है। घायल महिला के पति ने हर्ष फायरिंग करने के आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। 

विज्ञापन


रविवार रात रामनगर मार्ग स्थित एक होटल में पुरानी सब्जी मंडी निवासी अमरजीत सिंह कालरा के पुत्र की सगाई का कार्यक्रम था। इसमें शामिल होने के लिए बाजपुर मार्ग स्थित निवासी अरविंद सिंह सेठी अपनी पत्नी कमलजीत कौर उर्फ बेबी सेठी के साथ आए थे। उनकी रामनगर मार्ग पर टायर की दुकान है। 

समारोह में बुलाए गए अतिथि पार्टी का आनंद ले रहे थे। इसी दौरान पुरानी सब्जी मंडी निवासी प्रभजोत कालड़ा ने खुशी में कुर्सी पर बैठे-बैठे देशी तमंचे से फायर कर दिया। उसने पुन: तमंचा लोड कर फायर किया तो तमंचा फट गया। तमंचा फटने से प्रभुजोत के हाथ में भी चोट आई। तमंचे से निकली गोली कुछ दूरी पर खड़ी कमलजीत कौर की पीठ में धंस गई। वहां मौजूद लोगों ने उसे उठाया तो पीठ से खून निकलते देख वहां हड़कंप मच गया। 
विज्ञापन


इस दौरान प्रभुजोत वहां से खिसक लिया। घायल के परिजनों ने उसे रामनगर मार्ग स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से कमलजीत कौर को हायर सेंटर रेफर किया गया। बाद में घायल महिला को परिजनों ने मुरादाबाद मार्ग स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां ऑपरेशन के बाद कमलजीत कौर की पीठ से गोली निकाली गई। 

सूचना पर पुलिस टीम के साथ पहुंचे प्रतापपुर चौकी प्रभारी विजय सिंह गुसाईं ने होटल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। घायल महिला के पति अरविंद सेठी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी प्रभुजोत के खिलाफ धारा 308 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। 

कोट
- आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके घर पर दबिश भी दी। लेकिन घर पर ताला लटका मिला। हर्ष फायरिंग में गोली देशी तमंचे से चली है या पिस्टल का प्रयोग हुआ है। इसका खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा। 
विजय गुसाईं, चौकी प्रभारी प्रतापपुर

- शासन की ओर से हर्ष फायरिंग पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा है। किसी भी आयोजन में लाइसेंसी या गैर लाइसेंसी असलहा पाए जाने पर इसकी सीधे जिम्मेदारी होटल/रिजॉर्ट्स संचालक की होगी। हर्ष फायरिंग होने पर होटल और रिजॉर्ट्स संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। रविवार रात हर्ष फायरिंग में कमलजीत कौर के घायल होने के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस मामले में जांच की जा रही है। 
- डॉ. जगदीश चंद्र, एएसपी काशीपुर। 

डेढ़ वर्ष पहले हर्ष फायरिंग में घायल हुए थे दो युवक
काशीपुर। डेढ़ वर्ष पूर्व एक बरातघर में हुई हर्ष फायरिंग के दौरान पैर में छर्रें लगने से दो युवक घायल हो गए थे। 24 नवंबर 2017 को रामनगर रोड स्थित एक गार्डन में शादी समारोह चल रहा था। इसी बीच डीजे में डांस करते समय एक युवक ने तमंचा निकालकर हवाई फायर कर दिए। तमंचे से निकले छर्रें ढिकुली (रामनगर) निवासी रोहित और ढिकुली के फॉरेस्ट कंपाउंट निवासी कमल रजवार के पैर में जा लगे। इससे दोनों युवक घायल हो गए थे। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गार्डन में सीसीटीवी नहीं होने के कारण पुलिस फायरिंग करने वाले लोगों का सुराग नहीं लगा सकी थी। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें