थाना ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने चाकू से खुद ही अपने बाल काट डाले। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के पास से बाल काटने में इस्तेमाल किये गये चाकू को बरामद कर मामले का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार महिला मॉस हिस्टीरिया से पीड़ित थी।
ट्रांजिट कैंप थाना प्रभारी एमपी सिंह ने बताया कि शुक्रवार देर शाम उन्हें क्षेत्र के चामुंडा मंदिर के पास स्थित घर में एक महिला के बाल कटने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर मकान स्वामी महेंद्र पाल ने बताया कि शुक्रवार शाम उसकी पत्नी ओमवती नहाने गई थी। कुछ देर बाद वह चीखते हुए बाहर निकली और बेहोश हो गई। बताया कि उन्हें बाथरूम में महिला के कटे बाल और चाकू मिला। एमपी सिंह के अनुसार चाकू में महिला के बाल उलझे हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि महिला ने खुद अपने बाल काटे हैं।
विज्ञापन
परिजन भी इस बात को नहीं समझ पा रहे हैं कि आखिर महिला बाथरूम में चाकू के साथ क्यों गई। फिलहाल पुलिस ने महिला के कटे बाल और चाकू को कब्जे में ले लिया है जल्द ही इनका परीक्षण कराया जाएगा।
मामले को लेकर एएसपी देवेंद्र पिंचा का कहना है कि महिला के बाल कटने के बाद उसके बाथरूम में बालों में उलझा चाकू मिलने से इस बात का संकेत मिल रहा है कि वह मास हिस्टीरिया की शिकार है। अफवाहों से वह खुद पर काबू नहीं पा सकी और उसने स्वयं अपने बाल काट लिये। कहा कि जल्द ही ट्रांजिट कैंप की तरह ही अन्य स्थानों पर हुई घटनाओं का सच भी सामने आ जायेगा। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।