सितारगंज। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की पहले से ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भरता की ऊंची उड़ान मिल रही है। थ्रीडी पेंटिंग बनाकर महिलाएं अच्छी आमदनी कर सुरक्षित भविष्य के सपने संजो रही हैं। उनके उत्पादों की मांग दूसरे शहरों में भी बढ़ रही है।
शक्तिफार्म के खिलौना ग्रोथ सेंटर में एनआरएलएम ने थ्रीडी आर्ट बनाने के लिए विशेष मशीनें उपलब्ध कराई हैं। महिलाएं इनकी मदद से विभिन्न डिजाइन बनाकर उन्हें आकर्षक रंगों से सजाती हैं। इन पेंटिंग को लोग घरों,कार्यालयों, होटलों की सजावट के अलावा उपहार देने के लिए भी खरीद रहे हैं। महिलाएं सेंटर में नियमित रूप से प्रशिक्षण प्राप्त कर नए डिजाइन विकसित कर रही हैं। पारंपरिक हस्तकला और आधुनिक तकनीक के मेल से बनी चित्रकारी को प्रदर्शनियों, मेलों और ऑनलाइन माध्यम से बाजार मिल रहा है। समूह की अध्यक्ष अनिला सरकार ने बताया कि कई महिलाओं को इससे नियमित रोजगार मिला है।
इनसेट
आजीविका कमाने की अपार संभावनाएं
बीएमएम सुनीता कश्यप ने बताया कि एनआरएलएम का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर सशक्त बनाना है। खिलौना ग्रोथ सेंटर में उत्पादों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग, ऑनलाइन विपणन से रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा रहे हैं। महिलाओं के उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।