महिला को सम्मोहित कर दो लोगों ने सोने के कंगन, मोबाइल और नकदी लूट ली। सुनवाई नहीं होने पर पीड़िता ने एसएसपी से गुहार लगाई। एसएसपी ने एसएचओ रुद्रपुर को मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
सोमवार को पीएसी गेस्ट हाउस में व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा के साथ व्यापारी हरीश छाबड़ा और उनकी पत्नी कृष्णा छाबड़ा निवासी मुख्य बाजार ने एसएसपी अनंत शंकर ताकवाले से मुलाकात की। कृष्णा ने बताया वह बीते 30 मार्च को एलाइंस गेट के पास गांधी धर्मकांटा पर खड़े होकर ऑटो का इंतजार कर रही थी।
इसी बीच उनके पास दो लोग आए और बातों में उलझाकर एक पर्स पकड़ा दिया। जिसके बाद उसे नशा सा होने लगा। एक व्यक्ति ने उसे कड़ा उतारकर देने के लिए कहा और फिर लौटाने का आश्वासन दिया। उसने जब कड़े टाइट होने की बात की तो उसने टंकी के पास रखा साबुन लगाकर जबरन कड़े खुलवा लिए।
कृष्णा का कहना था कि धर्मकांटे के भीतर बैठा एक व्यक्ति सबकुछ देख रहा था। दोनों ने कड़े के साथ ही पर्स ले लिया और कुछ दूर चलने के बाद सामान वापस ले जाने की बात कही। कुछ दूर चलकर जब वह मुड़ी तो दोनों गायब थे। पर्स में मोबाइल और तीन हजार रुपये थे। कोतवाली में तहरीर देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। एसएसपी ताकवाले ने रुद्रपुर कोतवाल को जांच कर जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।