रुद्रपुर। रिश्ते के देवर के घर से लौट रही महिला सड़क पर गिरकर अचेत हो गई। आननफानन उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पीलीभीत के ग्राम गाबिया निवासी सुनीता देवी (37) अपने पति चंदन राजभर और परिवार के साथ ट्रांजिट कैंप के वार्ड दो सुभाष कॉलोनी में रहती थी। मंगलवार शाम वह रिश्ते के देवर राकेश कुमार निवासी ग्राम लइया, थाना हाफिजगंज, बरेली और हाल निवासी शिव मंदिर के पास, मछली मार्केट, ट्रांजिट कैंप के कमरे में चली गई। उसने कमरे में खिचड़ी बनाई और दोनों ने खाया था।
इसके बाद सुनीता लौट रही थी तो मछली मार्केट में ही दुकान पर जाने के दौरान बेहोश हो गई। उसके मुंह से झाग निकलने लगा था। इस पर राकेश ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती करवाया और उसके पति चंदन राजभर व बेटे अमन कुमार को सूचना दी। अस्पताल में महिला की मौत हो गई।
सीओ भूपेंद्र सिंह धौनी ने बताया कि पोस्टमार्टम में महिला के मल्टी आर्गन फेलियर की बात सामने आई है। बिसरा सुरक्षित रखा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।