रुद्रपुर में महिला की मौत पर अस्पताल के सामने हंगामा करते लोग समझाता पुलिसकर्मी। अमर उजाला
रुद्रपुर। किच्छा हाईवे स्थित एक निजी अस्पताल में बच्चे का जन्म देने के बाद महिला की मौत हो गई। महिला की मौत से गुस्साए परिजनों ने डाक्टरों पर गलत उपचार करने का आरोप लगाकर हंगामा काटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखा गया है।
पार्षद परेवज कुरैशी ने बताया कि एक साल पहले उनकी बुआ की बेटी नाजिस का विवाह किच्छा निवासी नदीम से हुआ था। मंगलवार को प्रसव पीड़ा होने पर नाजिस को किच्छा हाईवे स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां शाम को डॉक्टर ने आप्रेशन किया और नाजिस ने बच्चे को जन्म दिया। अस्पताल में खुशी का माहौल था और परिजन मिठाई बांटकर बधाई दे रहे थे। बुधवार की दोपहर में जब स्वजन दलिया बनाने घर गए थे। तब सूचना मिली कि नाजिस की हालत बिगड़ रही है। आनन-फानन में स्वजन अस्पताल पहुंचे देखा कि विवाहिता का शव एबुलेंस में पड़ा है और मुंह से झाग निकल रहा था।
महिला की मौत हो चुकी थी। इस पर आक्रोशित परिजनों ने हंगामा काटा और अस्पताल प्रबंधन पर कार्रवाई की मांग की। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को शांत करा दिया था। मौत मामले में पुलिस जानकारी जुटा रही है। बहरहाल, इस मामले में कोई शिकायती पत्र नहीं मिला है।