सितारगंज। डिलीवरी के 12 दिन बाद महिला की मौत हो गई। परिजनों ने उप जिला अस्पताल सितारगंज में तैनात डॉ. नेहा सिद्दीकी पर मरीज के उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया है।
आरोप लगाया है कि कमीशन खोरी के चलते डॉ. नेहा ने पहले मरीज को आस्था अस्पताल में रेफर किया फिर 26 हजार रुपये तय कर उसका ऑपरेशन किया।
गांव पंडरी, सितारगंज निवासी बख्शीश सिंह ने सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर बताया कि 21 जुलाई को उसकी पुत्री काजल कौर (24) को प्रसव पीड़ा होने पर रात 8 बजे उप जिला अस्पताल सितारगंज में भर्ती कराया था।
नॉर्मल डिलीवरी ना होने पर अस्पताल में तैनात डॉ. नेहा सिद्दीकी की सलाह पर उसे रात दो बजे प्राइवेट आस्था अस्पताल सितारगंज में भर्ती कराया। आरोप है कि यहां डॉ. नेहा ने 26 हजार रुपये में ऑपरेशन किया।
इसके बाद मरीज और उसके बच्चे की हालत ठीक नहीं थी। पर्याप्त सुविधा न होने पर 24 जुलाई को मरीज को सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने बताया कि उसके शरीर में इंफेक्शन फैल गया है। नसें भी ब्लॉक हो गई हैं। फिर उसे रेफर कर दिया। 25 जुलाई को स्वामी हिमालयन अस्पताल देहरादून में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान तीन अगस्त को उसकी मौत हो गई। परिजनों ने इसकी जांच कराने की मांग की थी।