सितारगंज में स्कूटी सवार ननद-भाभी को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में ननद लक्ष्मी की मौत हो गई, जबकि भाभी कुसुम गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।
बरुआबाग निवासी लक्ष्मी राणा (35) पत्नी अमिताभ सिंह राणा रविवार को अपनी भाभी कुसुम राणा पत्नी हरीश सिंह के साथ स्कूटी पर घर से सितारगंज बाजार जा रही थी। गांव बमनपुरी के पास ट्रक ने ओवरटेक करते समय स्कूटी को टक्कर मार दी। इससे स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और ननद-भाभी गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को सितारगंज उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां डॉक्टर ने लक्ष्मी को मृत घोषित कर दिया, जबकि कुसुम की गंभीर अवस्था को देख हायर सेंटर के लिए रेफर किया।
भारत-पाक तनाव के कारण घर नहीं आ पाए थे लक्ष्मी के पति
परिजनों ने बताया कि लक्ष्मी का मायका बरुआबाग में है। उसके पति अमिताभ आईटीबीपी के जवान है और हैदराबाद में तैनात हैं। उसकी एक चार वर्ष की बेटी भी है। परिजनों ने बताया कि अमिताभ अवकाश पर आने वाले थे लेकिन भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव होने के कारण उनका अवकाश रद्द कर दिया गया था।