बेटे को पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाने से नाराज होकर टेलीकॉम कंपनी के टावर पर चढ़ने वाली महिला के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मूल रूप से बागेश्वर और वर्तमान में दिनेशपुर निवासी रेखा गोस्वामी के खिलाफ बीएनएस की धारा 226 और 285 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
विज्ञापन
एसएसआई खुशवंत सिंह की तहरीर पर प्राथमिकी की गई है। बता दें कि रविवार शाम रुद्रपुर के त्रिशूल चौक के पास रेखा गोस्वामी टेलीकॉम कंपनी के टावर पर चढ़ गई थी। महिला के बेटे पर एक किशोरी से छेड़छाड़ का आरोप है। शिकायत के बाद दिनेशपुर पुलिस ने पूछताछ के लिए उसके बेटे को कोतवाली बुलाया था। इसी बात से नाराज होकर महिला ने टावर पर चढ़कर पुलिस पर दबाव बनाने का प्रयास किया था। करीब ढाई घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद पुलिस और दमकल की टीम ने जंपिंग कुशन की मदद से उसे सुरक्षित नीचे उतारा था। घटना के दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा होने से यातायात भी प्रभावित हुआ था।