प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल काशीपुर के मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। 6459 मतदाताओं में से 4956 ने मताधिकार का प्रयोग किया। मतगणना आरंभ हो गयी है। मतगणना देर रात से चलेगी।
रविवार को रामनगर मार्ग स्थित रामलीला मैदान परिसर में भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नगर व्यापार मंडल के लिए मतदान आरंभ हुआ। जो सुबह 8 बजे से शाम चार बजे तक चला। अध्यक्ष पद के लिए तीन, उपाध्यक्ष पद के लिए तीन, महामंत्री पद के लिए दो, प्रचार मंत्री के लिए दो, कोषाध्यक्ष के लिए तीन, महिला मंत्री के लिए दो उम्मीदवार मैदान में है। महिला उपाध्यक्ष पद पर श्वेता गुप्ता और संगठन मंत्री पद पर नितिन अरोरा पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके है।
सुबह से ही प्रत्याशियों के समर्थकों की रामलीला मैदान के गेट के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई। जिससे रामनगर मार्ग पर जाम लगा रहा। जाम नहीं लगने देने के लिए पुलिस के पसीने छुट गए। एएसपी कमलेश उपाध्याय, सीओ जीसी टम्टा, कोतवाल ओम प्रकाश व एसएसआई लाखन सिंह, एसओ आईटीआई नरेश चौहान, एसओ कुंडा नासिर बड़ी संख्या में पुलिस व पीएसी के साथ मतदान स्थल पर डेरा डाले रहे।
इनके अलावा कुंडेश्वरी, केलाखेडा के पुलिस अधिकारी तैनात थे। एसडीएम दयानंद सरस्वती भी कई बार निरीक्षण को आए। एएसपी व सीओ ने परिसर का निरीक्षण किया। चुनाव अधिकारी पंकज टंडन, मुशर्रफ हुसैन, आकाश गर्ग, सहायक चुनाव अधिकारी जेएस नरूला और मुख्य पर्यवेक्षक अश्वनी छाबड़ा, जिलाध्यक्ष अनिल खुलासा सीसीटीवी स्क्रीन पर सभी 12 मतदान केंद्रों पर नजर रखे हुए थे।
। लोक सभा व विधान सभा चुनावों में जिस प्रकार चुनाव प्रचार होता है ठीक उसी स्तर का प्रचार व्यापार मंडल के चुनाव में हुआ। मतदान स्थल रामलीला मैदान के गेट पर ही प्रत्याशियों के समर्थकों की भारी भीड़ थी। रामनगर मार्ग पर मेला जैसा लगा था। समर्थक मतदान को आने वालों से अपने प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे थे। प्रत्याशियों के समर्थक सड़क पर आते जाते वाहन पर कार्ड फैंक कर वर्षा कर रहे थे।
अध्यक्ष पद के लिए भोला नाथ डाबर, दीपक वर्मा व राजकुमार सेठी, उपाध्यक्ष पद के लिए जतिन नरुला, पंकज शर्मा (पाती) विपिन चौहान, महामंत्री पद के लिए अंशु रस्तोगी, मुकेश चावला, कोषाध्यक्ष पद के लिए अंकुश अग्रवाल, हर्षित कुमार अरोरा, विशाल रुहेला, प्रचार मंत्री के लिए अंकुर अग्रवाल व मनीष सचदेवा, महिला मंत्री के लिए गीता चौहान, कामिनी गुप्ता उम्मीदवार है। इनके भाग्य का फैसला मत पेटियों में बंद है।