रुद्रपुर पहुंची खाद्य नमूनों की जांच करने वाली मोबाइल वैन।
- फोटो : अमर उजाला
देहरादून, हरिद्वार, टिहरी और पौड़ी गढ़वाल के बाद अब ऊधम सिंह नगर के उपभोक्ता भी मोबाइल वैन में खाद्य नमूनों की जांच करा सकते हैं। इसके लिए उपभोक्ता को 50 रुपये का शुल्क देना होगा। जांच रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध करा दी जाएगी। खाद्य नमूने फेल होने के बाद उपभोक्ताओं की शिकायत पर खाद्य आपूर्ति विभाग मिलावटखोरों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराएगा। खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से सोमवार तक वैन संचालन से संबधित सभी औपचारिकताएं पूरी किए संभावना है।
जिला अभिहित अधिकारी मनीष सिंह सयाना ने बताया कि मोबाइल वैन में एक कनिष्ठ खाद्य विश्लेषक, एक लेबोरेटरी सहायक और चालक तैनात रहेंगे। इस बाबत राजकीय विश्लेषक निशांत त्यागी से पत्राचार हो चुका है। मोबाइल वैन में जांच से संबंधित नौ रजिस्टर अनिवार्य रूप से रखे जाएंगे।
बताया कि खाद्य सामग्री के नमूनों की जांच में इस्तेेमाल होने वाले केमिकल अभी उपलब्ध नहीं हो पाए हैं। इसके लिए सीएमओ को पत्र लिखकर बजट उपलब्ध कराने को कहा गया है। सोमवार तक सभी औपचारिकताएं पूर्ण होने के बाद मोबाइल वैन का संचालन शुरू होने की संभावना है। यह खाद्य नमूनों की जांच करने वाली कुमाऊं की पहली मोबाइल वैन होगी।