तराई विकास सहकारी संघ (टीवीएस) के केंद्र पर बृहस्पतिवार को बारदाना खत्म होने से गेहूं की खरीद नहीं हो सकी। गेहूं बेचने पहुंचने कई किसानों को बैरंग लौटना पड़ा जबकि गल्ला मंडी स्थित खाद्य विभाग के क्रय केंद्र पर करीब 170 क्विंटल गेहूं खरीद हुई। जिले में अब तक गेहूं की कुल सरकारी खरीद आठ लाख, छह हजार, 160 क्विंटल हो चुकी है।
कोरोना संक्रमण के बीच ऊधम सिंह नगर जिले में इस बार गेहूं खरीद तेजी से हो रही है। लेकिन बारदाना व अन्य सुविधाएं न होने के कारण कई केंद्रों पर गेहूं खरीद बाधित हो रही है। बारदाना न होने के कारण रुद्रपुर में तराई विकास सहकारी संघ के केंद्र पर गेहूं खरीद नहीं हो सकी। साथ ही बिगवाड़ा स्थित मंडी समिति परिसर में यूसीएफ के केंद्र पर भी गेहूं खरीद शून्य रही।
वरिष्ठ विपणन अधिकारी हेमंत जोशी ने कहा कि क्रय केंद्रों पर लगातार किसान अपना गेहूं बेचने के लिए पहुंच रहे हैं। केंद्रों पर किसानों को सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। जिले में अब तक सहकारिता विभाग के क्रय केंद्रों पर सर्वाधिक पांच लाख, 36 हजार, 20 क्विंटल की खरीद हो चुकी है। जबकि खाद्य विभाग अब तक एक लाख, 98 हजार,320 क्विंटल गेहूं खरीद कर जिले में दूसरे स्थान पर है। क्रय एजेंसी नैफेड ने अब तक 62 हजार, 980 क्विंटल गेहूं खरीदा है। जबकि एनसीसीएफ के क्रय केंद्र पर सबसे कम आठ हजार, 840 क्विंटल गेहूं की खरीद हुई है।