रुद्रपुर की बिगवाड़ा मंडी समिति परिसर में गेहूं भरते पल्लेदार।
- फोटो : RUDRAPUR
रबी विपणन सत्र के छठे मंगलवार को रुद्रपुर में गेहूं खरीद का खाता आखिर खुल ही गया। बिगवाड़ा स्थित रुद्रपुर मंडी समिति परिसर में सहकारिता विभाग के क्रय केंद्र पर 400 क्विंटल से अधिक गेहूं की खरीद हुई। अन्य केंद्रों पर सन्नाटा पसरा रहा।
रुद्रपुर गल्ला मंडी स्थित खाद्य विभाग के क्रय केंद्र पर दिनभर किसान गेहूं की बिक्री के लिए नहीं पहुंचे। कुछ किसान टोकन प्राप्त करने और पंजीकरण के लिए पहुंचे। तराई विकास सहकारी संघ, किसान सेवा सहकारी समिति फौजी मटकोटा आदि के केंद्रों पर गेहूं खरीद नहीं हुई। बिगवाड़ा स्थित मंडी समिति परिसर में सहकारिता विभाग के क्रय केंद्र पर सैजनी, मलसी आदि गांवों के किसानों ने अपना गेहूं बेचा। क्रय केंद्र प्रभारी पंकज कश्यप ने बताया कि केंद्र पर 400 क्विंटल से अधिक गेहूं खरीदा गया। सहकारिता विभाग के अधिकारियों ने क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। बता दें कि किसान नेता विक्रमजीत सिंह ने सोमवार को बिगवाड़ा के केंद्र पर गेहूं न खरीदने का आरोप लगाया था।
इधर, एसडीएम विशाल मिश्रा बिगवाड़ा मंडी में बनाए गए गेहूं क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें कांटा बंद मिला। केंद्र में मौजूद लोगों ने बताया कि बिजली नहीं होने के चलते गेहूं केंद्र का कांटा नहीं चल पा रहा है। एसडीएम ने तुरंत ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता को बिजली की समस्या को दूर करने के निर्देश दिए हैं। (संवाद)