फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Udham Singh Nagar News: जसपुर, सितारगंज में गेहूं खरीद की लिमिट खत्म, रुद्रपुर-गदरपुर में सन्नाटा

Tue, 14 Apr 2026 01:10 AM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ऊधम सिंह नगर
विज्ञापन
विज्ञापन
रुद्रपुर। एक अप्रैल से गेहूं खरीद के लिए सरकारी क्रय केंद्र खोलने के बावजूद जिले में गेहूं खरीद की प्रक्रिया में धीमी है। जसपुर और सितारगंज में जहां गेहूं खरीद की लिमिट पूरी हो गई है। वहीं रुद्रपुर और गदरपुर जैसे प्रमुख क्षेत्रों में खरीद अभी तक शून्य है और क्रय केंद्रों पर सन्नाटा पसरा है।
विज्ञापन

इसके विपरीत काशीपुर, बाजपुर और खटीमा जैसे अन्य क्षेत्रों में गेहूं की आवक शुरू हो चुकी। बारिश के कारण क्रय केंद्रों पर गेहूं की आवक कम हुई है। जो गेहूं एक सप्ताह पहले मंडी पहुंचना था उसमें एक सप्ताह की देरी हो चुकी है।
-
जसपुर: तौल शुरू होने के अगले दिन खत्म हो गई लिमिट
तौल शुरू होने के अगले दिन ही जसपुर में लिमिट खत्म हो गई। इसे लेकर किसानों में आक्रोश है। एसएमओ रविराज सिंह ने बताया कि बीती छह अप्रैल को क्रय केंद्रों पर गेहूं की तौल शुरू हुई थी अगले दिन तक तहसील क्षेत्र के 22 किसानों ने 1283.50 क्विंटल गेहूं की तौल कराई। सात अप्रैल को लिमिट बंद होने से किसान तौल नहीं करा पाए। जसपुर में पांच तौल केंद्र बनाए गए हैं इनमें दो खाद्य विभाग तीन यूएससीएफ के हैं।
विज्ञापन


खटीमा: अब तक 800 क्विंटल गेहूं खरीद
खटीमा गेहूं खरीद के लिए 35 सहकारी क्रय केंद्र खोले गए हैं लेकिन गेहूं की खरीद धीमी है। अब तक 958 क्विंटल गेहूं की खरीद हुई है।

बाजपुर: 220 क्विंटल गेहूं की तौल
बाजपुर में गेहूं खरीद के लिए आठ केंद्र खोले गए हैं जिसमें दो तौल केंद्र आरएफसी के हैं। सोमवार को आरएफसी के गेहूं खरीद केंद्र पर तौल शुरू हुई। एसएमओ नलिनी कांत ने बताया कि उनके केंद्र पर लगभग 220 क्विंटल गेहूं तौल हुई है।

गदरपुर-गूलरभोज: क्रय केंद्रों पर सन्नाटा
गदरपुर में सात गेहूं खरीद केंद्र खोले गए हैं। किसी भी केंद्र पर सोमवार तक गेहूं की तौल नहीं हुई। एसएमआई दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि गदरपुर क्षेत्र में खाद्य विभाग के दो, यूएससीएफ और पीसीयू के दो-दो और उपभोक्ता सहकारी संघ का एक तौल केंद्र संचालित है। गूलरभोज के क्रय केंद्रों पर भी सन्नाटा है।

किच्छा: 293 क्विंटल गेहूं पहुंचा
किच्छा में 13 दिनों के भीतर अभी तक मात्र 293 क्विंटल गेहूं क्रय केंद्रों पर पहुंचा है। यहां गेहूं खरीद के लिए आठ क्रय केंद्र बनाए गए हैं।

काशीपुर: आठ क्रय केंद्र, खरीद 650 क्विंटल हुई
काशीपुर में किसानों का गेहूं क्रय केंद्रों पर पहुंचना शुरू हो चुका है। अब तक क्रय केंद्रों में 650 क्विंटल गेहूं पहुंचा है। खरीद के लिए आठ केंद्र बनाए गए हैं।

सितारगंज:
सितारगंज में खरीद ठप, लक्ष्य पूरा होने के बाद किसान परेशान

सितारगंज। सरकारी क्रय केंद्र पर गेहूं खरीद न होने से किसान परेशान हैं। खाद्य विभाग के कांटों पर पांच सौ क्विंटल गेहूं खरीदने का लक्ष्य था जो पूरा हो चुका है। इसके बाद विभाग को कोई नया लक्ष्य प्राप्त नहीं हुआ है। एसएमओ विनय चौधरी ने बताया कि खाद्य विभाग के कांटों पर एक अप्रैल से गेहूं खरीद शुरू हुई थी। पहले चरण में 500 क्विंटल खरीद करने का लक्ष्य दिया था जिसे नौ अप्रैल तक पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा अन्य कांटों को लक्ष्य नहीं दिया गया है। जिस कारण खरीद नहीं हो पा रही है।

रुद्रपुर: 10 क्रय केंद्रों पर नहीं आया गेहूं का एक भी दाना
रुद्रपुर में गेहूं की खरीद के लिए 10 क्रय केंद्र बने हैं। इसमें खाद्य विभाग के दो, सहकारिता के चार, उपभोक्ता सहकारी संघ के तीन व पीसीयू के तीन केंद्र शामिल हैं। ताज्जुब की बात ये हैं कि अभी तक किसी भी केंद्र में गेहूं का एक दाना नहीं पहुंचा है। चार किसानों ने गेहूं बेचने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है।
बारिश ने गेहूं खरीद पर असर डाला है। गेहूं की फसल कटने में देरी होने से क्रय केंद्रों पर आवक कम है। बैसाखी की बाद सन्नाटा टूट जाएगा और गेहूं पहुंचने लगेगा। - पंकज उपाध्याय, एडीएम नजूल
भारत और अमेरिका के बीच हाल ही में घोषित ट्रेड डील (व्यापार समझौते) के तहत केंद्र सरकार देश के किसानों का गेहूं नहीं खरीद कर अमेरिका से खरीदना चाहती है। यही वजह है कि सरकार देश के किसानों को परेशान करने में लगी है। कुछ क्रय केंद्रों पर तौल शुरू होने से पहले ही लिमिट खत्म हो गई है जबकि कुछ सेंटरों पर 200 क्विंटल प्रति कांटा की लिमिट दी गई है जो एक दिन के हिसाब से भी पूरी नहीं है। - प्रेम सिंह सहोता, वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष, भाकियू
प्रदेश के प्रत्येक ब्लाॅक सेंटरों पर 30,000 प्रति क्विंटल लिमिट की मांग की गई है। यदि 15 अप्रैल तक मांग पूरी नहीं हुई तो इस दिन किसान सुबह 11 बजे तौल कांटों को उखाड़ फेंक देंगे। सरकार सिर्फ दिखावे के लिए तौल कांटे लगा रही है। - अमनप्रीत सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष, भाकियू (यूथ) जसपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें