खटीमा/मझोला। रबी विपणन सत्र को एक माह से अधिक समय हो चुका है, लेकिन अभी तक खटीमा व मझोला क्षेत्र में सहकारी क्रय केंद्रों पर गेहूं की खरीद शून्य है। बृहस्पतिवार को भी सहकारी क्रय केंद्रों पर गेहूं खरीद शून्य रही। खटीमा विकासखंड में सहकारिता विभाग और खाद्य विभाग के कुल आठ क्रय केंद्र खुले हैं। जिनमें कुल 66 हजार 576 क्विंटल गेहूं खरीद का लक्ष्य मिला है।सहकारिता विभाग के सात क्रय केंद्रों को 51,576 क्विंटल और खाद्य विभाग के एक क्रय केंद्र को 15,000 क्विंटल गेहूं खरीदना है। लेकिन किसानों को खुले बाजार में गेहूं का अधिक मूल्य मिल रहा है। जिस कारण किसान अपना गेहूं सहकारी क्रय केंद्रों पर नहीं बेच रहे हैं। गेहूं की एमएसपी 2425 रुपये प्रति क्विंटल घोषित की गई है, जबकि खुले बाजार में गेहूं 2600 रुपये प्रति क्विंटल तक बिक रहा है।