पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते शनिवार को रुद्रपुर में दोपहर के समय बूंदाबांदी हुई। इस दौरान घने काले बादल छा गए। तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस गिरावट दर्ज होने से सर्दी बढ़ गई। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, रविवार को भी जिले के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी हो सकती है।
रुद्रपुर में शनिवार तड़के घना कोहरा छाया रहा। दोपहर करीब 12 बजे अचानक बूंदाबांदी शुरू हो गई। इस दौरान घने काले बादल छाने से हाईवे पर चल रहे वाहनों की हैड लाइट ऑन रही। करीब 10 मिनट तक काले बादल छाए रहे। इसके करीब आधे घंटे तक बूंदाबांदी जारी रही। बूंदाबांदी से बचने के लिए कुछ स्थानों पर लोग छाता लगातार गुजरते नजर आए। बारिश के चलते न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया। जिससे ठंडक बढ़ गई।
बूंदाबांदी थमने के बाद रुद्रपुर में लोग ठंड से बचने के लिए आग तापते नजर आए। मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण हल्की बूंदाबांदी हुई थी। जिलेभर में सिर्फ 2.5 एमएम बारिश दर्ज की गई। शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 18.5 और न्यूनतम 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 19 व न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा। रविवार को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा। जिससे करीब एक एमएम बारिश हो सकती है।
रुद्रपुर में दो दिन में तैयार हो जाएगा 10 बेड का रैन बसेरा
रुद्रपुर। कड़ाके की सर्दी में सार्वजनिक स्थलों और रोडवेज स्टेशन पर रात काट रहे मुसाफिरों और जरूरतमंदों के लिए अच्छी खबर है। रुद्रपुर नगर निगम का अस्थायी रैन बसेरा दो दिन के भीतर तैयार हो जाएगा। रैन बसेरा में 10 बेड की सुविधा रहेगी।
रुद्रपुर रोडवेज स्टेशन के पास एनएच-87 की जद में आए निगम के रैन बसेरा को ध्वस्त किया जा चुका है। निगम को जमीन उपलब्ध न हो पाने के कारण स्थायी रैन बसेरे का निर्माण नहीं हो सका था। इस समस्या को देखते हुए नगर निगम गांधी पार्क के पास अस्थायी रैन बसेरा का निर्माण कर रहा है।
निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। मेयर रामपाल सिंह ने बताया कि ठेकेदार को शनिवार तक रैन बसेरा का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए थे लेकिन तय समय पर कार्य पूरा नहीं हो सका। दो दिन के भीतर रैन बसेरा तैयार हो जाएगा। इसमें 10 बेड की सुविधा रहेगी और यह निशुल्क होगा। मेयर ने कहा कि स्थाई रैन बसेरा के लिए जमीन चिन्हित करने का कार्य चल रहा है। जमीन मिलने के बाद इस पर निर्माण करवाया जाएगा।
रात में कोहरे ने काशीपुर में बढ़ाई ठंडक, सुबह बारिश से ठिठुरे लोग
काशीपुर। मौसम की चौथी बारिश से शनिवार को ठंड में इजाफा हुआ। सुबह आठ से करीब 12 बजे तक काशीपुर और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बूंदाबादी रही। इससे पहले शुक्रवार रात को छाए घने कोहरे से मौसम में ठंडक बढ़ी थी। कुछ दिन पहले से सुबह और शाम के समय काशीपुर और आसपास के क्षेत्रों में कोहरा आने लगा है। इससे मौसम सर्द हो गया है।
शनिवार सुबह बादल छाने के बाद बारिश शुरू हुई। ठंडक बढ़ने से लोग गर्म कपड़े और दस्ताने पहनकर घरों से निकले। कम मात्रा में बारिश से जनजीवन पर कोई खास असर नहीं पड़ा लेकिन किसानों को इससे काफी हद तक मदद मिली। कुछ देर की बारिश ने ही खेतों में नमी बढ़ गई जिससे किसान अच्छी फसल होने की उम्मीद जता रहे हैं। इससे पूर्व 25 सितंबर को 11.20 एमएम, 14 जुलाई को 23 एमएम और 29 जुलाई को 21 एमएम बारिश रिकार्ड की गई थी। इधर, बारिश से किसान बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि बारिश खेतों में खाद बनकर बरसी है।
शनिवार को हुई बारिश से खेतों को नमी मिली है जिससे फसल की पैदावार अच्छी होने की उम्मीद है। गेहूं के लिए बारिश विशेष तौर पर लाभदायक रही।-सुभाष चौधरी
बारिश के रूप में पानी किसानों के खेतों में खाद बनकर बरसा है। अधिक बारिश होती तो नुकसान के आसार थे लेकिन सही मात्रा में बारिश होने से किसानों को लाभ हुआ।- टीका सैनी
रबी की फसल को पानी की अधिक आवश्यकता होती है लेकिन बारिश ने होने से खेतों में पानी की मात्रा कम हो गई थी। शनिवार सुबह हुई बारिश से फसल का फायदा पहुंचा है।-रवि कुमार
इस तरह समय- समय पर बारिश हो तो खेती को नुकसान नहीं होगा। बारिश न होने पर किसानों को ट्यूबवेल से सिंचाई करनी पड़ेगी जिससे लागत अधिक आएगी।- अरुण शर्मा