पंतनगर। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद-अंतर्देशीय मत्स्य अनुसंधान संस्थान (सीआईएफआरआई) के निदेशक डॉ. बीके दास के नेतृत्व में मत्स्य वैज्ञानिकों की टीम टिहरी, कोटेश्वर, नानकसागर, धौराडाम, बैगुल, बौर, हरिपुरा और तुमड़िया जलाशयों में मत्स्य विकास को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही है।
पंतनगर विवि के अधिष्ठाता मत्स्य डाॅ. अवधेश कुमार ने बताया कि शनिवार को टीम ने पंतनगर विवि में उत्तराखंड के मत्स्य सचिव पुरुषोत्तम के साथ बैठक कर गतिविधियों की जानकारी दी। सचिव पुरूषोत्तम ने सीआईएफआरआई की गतिविधियों पर संतोष जताया। आश्वस्त किया कि भविष्य में जलाशयों और पर्वतीय झीलों में मत्स्य उत्पादन वृद्धि का कार्य संस्थान के सहयोग से किया जाएगा। टीम ने पशुपालन, दुग्ध, मत्स्य मंत्री सौरभ बहुगुणा से भेंट कर मत्स्य संवर्धन की संभावनाओं से अवगत कराया। मंत्री ने सीआईएफआरआई को राज्य के जलाशयों और पर्वतीय झीलों (तालों) में मत्स्य संसाधनों के पुनरुद्धार के लिए हरसंभव सहयोग करने का भरोसा दिया।