खटीमा में रिकॉर्ड हुई 62 मिमी बारिश
खटीमा/शक्तिफार्म। खटीमा और शक्तिफार्म में बुधवार शाम से जारी बारिश बृहस्पतिवार सुबह तक जारी रही। लगातार बारिश से कुछ स्थानों पर जलभराव की समस्या रही। शक्तिफार्म में कई घरों में पानी घुस गया है। बारिश से कुछ कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचा। कई खेतों में धान की फसल डूब गई।
खटीमा में पूर्णागिरी काॅलोनी, आदि गुरु शंकराचार्य वाली गली, गौरीशंकर और ओम काॅलोनी आदि जगह जलभराव की स्थिति रही। लगातार बारिश से खकरा, ऐंठा व मुकरान नाले में भी पानी का स्तर बढ़ गया। खटीमा क्षेत्र में 62 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इधर, शक्तिफार्म में गोविंदनगर, रूदपुर, सुरेंद्रनगर, बैकुंठपुर, निर्मलनगर, गुरुग्राम, राजनगर गांव में जलभराव की स्थिति रही। राइका गुरुग्राम, प्राथमिक विद्यालय शक्तिफार्म खास, सुरेंद्रनगर स्थित बाबा तारकनाथ धाम शिव मंदिर में तीन फीट तक पानी भर गया। लोगों ने कहा कि बरसात से पहले नहरों की ठीक से सफाई नहीं होने से पानी ओवरफ्लो होकर घरों में घुस आया है। इंद्रा मार्केट के निकट नहर का तटबंध टूट गया है। इससे नहर किनारे सड़क क्षतिग्रस्त हो गई। गोविंदनगर के प्रधान पति प्रभाकर ने बताया कि नदी के कटाव से सूखी नदी का तटबंध कई जगहों से क्षतिग्रस्त हुआ है। जलभराव के कारण बीस क्वार्टर गांव के कई परिवारों ने अपने नातेदारों के घरों में शरण ली ।
भिकारीपुर संपर्क मार्ग में जलभराव से दिक्कतें
मझोला/झनकट। बारिश के चलते मझोला और झनकट क्षेत्र में कई मार्गों पर जलभराव की समस्या रही। मझोला निवासी मुकेश ने बताया कि भिकारीपुर से मझोला से जाने वाले संपर्क मार्ग में जलभराव की समस्या आ रही है। पेयजल की नई पाइप लाइन बिछाते सीसी मार्ग को खोदा गया था, जिसे अभी तक नहीं बनाया गया है, जिस कारण सड़क में गड्ढे हो गए हैं। मार्ग में करीब डेढ़ फुट गड्ढे हैं। इससे आवाजाही प्रभावित हो रही है। झनकट में एनएच किनारे बनी नालियां जलमग्न होने से लोगों को काफी असुविधा हुई। झनकट में कई खेत जलमग्न हो गए। संवाद