काशीपुर में ढेला नदी का निरीक्षण करते जसपुर विधायक चौहान।
- फोटो : KASHIPUR
काशीपुर। पहाड़ों में हो रही बारिश से ढेला नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। नदी किनारे बसी छह से अधिक कालोनियों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। जसपुर विधायक ने बाढ़ग्रस्त कालोनियों का निरीक्षण कर कटान रोकने के लिए स्पर बनाने की मांग की।
पहाड़ों पर हो रही बारिश से शुक्रवार को ढेला नदी का जल स्तर बढ़ने लगा। नदी किनारे बसी महादेव कॉलोनी, ढेला बस्ती, रहमत नगर, मधुवन नगर, साकेत नगर, आकांक्षा गार्डन पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है।
पूर्व पार्षद अब्दुल कादिर ने बताया कि कटाव रोकने की व्यवस्था नहीं की तो कालोनियों में नदी का पानी आ जाएगा। विधायक आदेश चौहान ने कालोनियों में जाकर कटाव रोकने के लिए बाढ़ अवरोधक बनाने की मांग की।
विधायक ने बताया कि उन्होंने विधान सभा में इन कालोनियों की बाढ़ से सुरक्षा की मांग की थी। सरकार ने कटाव रोकने के लिए सिंचाई खंड काशीपुर को धनराशि मंजूर कर दी है, जबकि सिंचाई खंड काशीपुर के अधिशासी अभियंता अरुण नेगी ने बताया कि ढेला नदी से कटाव रोकने के लिए विभाग से डिमांड की थी। लेकिन अभी तक कोई बजट नहीं मिला है।
नाले का सफाई कार्य शुरू
काशीपुर। आवास विकास और रेलवे ट्रैक के बीच नाले में कालोनी का पानी भर जाता है। इस नाले की लंबे समय से सफाई नहीं हुई है। पार्षद राजकुमार सेठी ने निगम को शिकायती पत्र देकर नाले की सफाई कराने की मांग की थी। नगर आयुक्त बीडी तिवारी के निर्देश पर सफाई कर्मियों ने जेसीबी से नाले की सफाई करना शुरू कर दिया है। राजकुमार सेठी ने बताया कि सफाई कर्मचारी जेसीबी से नाले की सफाई कर रहे हैं।