रुद्रपुर में मुखर्जीनगर का जायजा लेते एसडीएम मनीष बिष्ट व कांग्रेस पार्षद प्रीति साना। संवाद
रुद्रपुर। कल्याणी नदी का जलस्तर बढ़ने से मुखर्जीनगर में बाढ़ जैसे हालत हो गए। नदी के समीप रह रहे करीब 150 मकानों में नदी का पानी घुस गया। जिला आपदा प्रबंधन विभाग के अनुमान के मुताबिक मुखर्जीनगर में करीब तीन से चार फुट तक पानी घुसा है। पांच परिवारों को गोविंद मंदिर में शिफ्ट कर दिया गया है। प्रशासन ने अन्य लोगों से भी राहत केंद्र में आने के लिए कहा है।
मंगलवार को बारिश के चलते कल्याणी नदी में उफान आ गया। इसके चलते वार्ड-5 में स्थित मुखर्जीनगर में पानी भर गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक दोपहर ढाई बजे तक सिर्फ कॉलोनी में पानी भरा था। साढ़े तीन बजे पानी का स्तर बढ़ने लगा और पानी घरों में घुस गया। तीन पानी डैम के पास नाले में तेज पानी आने से आसपास कॉलोनी में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। लोगों के घरों में पानी मिलने की सूचना पर एसडीएम मनीष बिष्ट, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमा शंकर नेगी, कांग्रेस पार्षद प्रीति साना ने मुखर्जीनगर में पहुंचकर घटना स्थल का जायजा लिया।
कल्याणी नदी के समीप होने पर मुखर्जी नगर में घुटने से भी ऊपर तक पानी भर गया है। पांच घरों में पानी घुसने पर प्रशासन की टीम ने उनकी रहने व खाने की व्यवस्था ट्रांजिट कैंप के गोविंद मंदिर में की है। - उमा शंकर नेगी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी
-
वर्ष 2021 अक्तूबर में आई थी रुद्रपुर में बाढ़
रुद्रपुर। वर्ष 2021 अक्तूबर में लगातार तीन दिन तक हुई बारिश के चलते कल्याणी नदी के समीप जगतपुरा, मुखर्जीनगर, भूतबंगला, खेड़ा में बाढ़ आई थी। उस दौरान लोगों के घरों में करीब छह फुट तक पानी घुस गया था। मुख्य बाजार में भी जलभराव हो गया था। जिला प्रशासन की ओर से लोगों को घरों से रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया था। मंगलवार को एक बार फिर मुखर्जी नगर में वर्ष 2021 जैसे हालत पैदा हो गए हैं। निचले इलाकों में रह रहे लोगों को शिफ्ट किया गया है।