काशीपुर। शहर में निजी बस स्टैंडों के लिए प्रशासन अब तक भूमि उपलब्ध नहीं करा सका है। इसका खामियाजा आम लोगों को रोजाना जाम के रूप में भुगतना पड़ रहा है। हाईवे किनारे संचालित हो रहे निजी बस स्टैंडों पर सड़क पर ही बसें खड़ी कर सवारियां चढ़ाने-उतारने से यातायात व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है।
नगर क्षेत्र में रामनगर, मुरादाबाद, बाजपुर, जसपुर-धामपुर और अलीगंज रूट पर संचालित निजी बस स्टैंडों से प्रतिदिन 200 से अधिक निजी बसों का संचालन होता है। बस चालक और परिचालक सड़क पर ही बसें खड़ी कर सवारियां भरते हैं। पुलिस-प्रशासन ने पहले इन बसों के लिए निर्धारित स्टॉपेज तय किए थे लेकिन उनका पालन आज तक सुनिश्चित नहीं हो सका।
इसका असर बाजपुर रोड, रामनगर रोड और मुरादाबाद रोड पर अक्सर लगने वाले जाम के रूप में दिखाई देता है। कई बार बसों को शोरूमों और दुकानों के सामने खड़ा करने को लेकर व्यापारियों और बस चालकों के बीच तीखी नोकझोंक भी हो जाती है। आरोप है कि कई निजी बसें आधे-आधे घंटे तक हाईवे पर खड़ी रहती हैं लेकिन उन्हें हटाने के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होती।
गौरतलब है कि करीब तीन वर्ष पहले प्रशासन ने निजी बस स्टैंडों के लिए भूमि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस प्रगति नहीं हो सकी है।
निजी बस स्टैंडों के लिए भूमि चयनित करने के लिए राजस्व विभाग से कहा गया है। भूमि ऐसे स्थानों पर चयनित करने का प्रयास किया जा रहा है जो कि जनहित में हो और यातायात के लिए बाधा उत्पन्न नहीं करे।
-अभय प्रताप सिंह, उप जिलाधिकारी