निर्वाचन की तिथि घोषित करने के साथ ही आचार संहिता प्रभावी हो गई है। प्रशासन ने भी चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए कसरत तेज कर दी है। इस बार जिले में कुल 1318 मतदेय स्थल बनाए जाएंगे। इनमें 11 लाख 20 हजार 518 मतदाता जिले में नौ विधायकों का चुनाव करेंगे।
बृहस्पतिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम चंद्रेश कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सेंथिल अबुदई ने कलेक्ट्रेट सभागार में पत्रकार वार्ता के दौरान निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में निष्पक्ष व पारदर्शी चुनाव कराने के लिए जनपद को 18 जोन व 115 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। जनपद में 20 जनवरी को अधिसूचना जारी की जाएगी। 27 जनवरी तक नाम निर्देशन की अंतिम तिथि, नाम वापसी 1 फरवरी, 15 फरवरी को मतदान दिवस व 11 मार्च को मतगणना की जाएगी। जनपद में अभी तक 1120518 मतदाता का नाम निर्वाचन नामावली में शामिल है जिसमें 594063 पुरुष, 526455 महिला मतदाता शामिल है।
जनपद में 5065 सर्विस मतदाता हैं जिसमें 3495 पुरुष व 1570 महिलाएं हैं। जनपद में 1318 मतदेय स्थल हैं जिसमें शहरी क्षेत्र में 407 और ग्रामीण क्षेत्र में 911 मतदेय स्थल शामिल हैं। वोटिंग के लिए जनपद में 2210 बीयू, 2231 सीयू उपलब्ध हैं। निर्वाचन को देखते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए 30 नोडल अधिकारी व 21 सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त कर दिए गए हैं।
एसएसपी सैंथिल अबुदई ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल द्वारा सभी पोलिंग बूथों का निरीक्षण किया जा चुका है। बार्डर एरिया पर चेक पोस्ट बनाने के लिए स्थान चिंहित कर लिए गए हैं। दोनो प्रदेशों के बार्डर एरिया के सीओ आपस में समन्वय बनाकर कार्य करेंगे। वहां पर एडीएम प्रताप सिंह शाह, इला गिरी व जिला आबकारी अधिकारी राजीव चौहान, सहायक निर्वाचन अधिकारी हरीश सिंह रावत, एआरटीओ आरपी राठौर आदि भी थे।
। रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में पहली बार वीवीपेट मशीनों का भी प्रयोग होगा। रुद्रपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के 182 मतदेय स्थलों पर वीवीपेट मशीनें लगाई जाएंगी। वर्तमान में जनपद में कुल 241 वीवीपेट मशीनें उपलब्ध हैं। वीवीपेट मशीनें चुनाव आयोग ने ट्रायल के लिए जिले में भेजी हैं। इन मशीनों को मतदेय स्थल में बीयू और सीयू के साथ अटैच किया जाएगा। इन मशीनों के जरिये वोटर को वोट डालने के बाद यह पता लग जाएगा कि उसने अपना वोट किस प्रत्याशी को डाला है।
आचार संहिता का सख्ती से पालन कराने के साथ-साथ प्रशासन इस बार मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए भी विशेष प्रयास करेगा। डीएम चंद्रेश कुमार ने बताया कि मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए जिले में जगह जगह स्वीप कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
.................................
तीसरी आंख करेगी शराब की दुकानों की निगरानी
रुद्रपुर। विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को शराब परोसने पर वालों पर शिकंजा कसने के लिए भी इस बार प्रशासन ने तैयारी कर ली है। डीएम ने बताया कि जनपद की देशी व विदेशी मदिरा की दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए हैं। शराब की दुकानों पर प्रतिदिन आने वालों और बिक्री होने वाली शराब का लेखा-जोखा भी रखा जाएगा।
विधानसभा चुनाव को लेकर कंट्रोल रूम की स्थापना कर दी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि कोई भी व्यक्ति निर्वाचन से संबंधित जानकारी 05944-250719, टोल फ्री नंबर 1077 व 1950 पर प्राप्त कर सकता है।