काशीपुर। राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारायण नगर और अति राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरिनगर ढकिया कला में विटामिन डी, बी 12 और काला पीलिया की जांच बंद हो गई है। मरीजों को दस किलोमीटर दूर एलडी भट्ट उप जिला अस्पताल में जांच कराने जाना पड़ रहा है।
विकासखंड में पीएचसी हरिनगर ढकिया कला, परमानंदपुर, महुआखेड़ा गंज, नारायण नगर संचालित होती हैं। इनमें 200-250 तक ओपीडी होती हैं। पीएचसी नारायण नगर में बाजपुर रोड, जैतपुर, शिवलालपुर डल्लू, कचनाल गुसाई आदि क्षेत्रों से मरीज इलाज को पहुंचते हैं। यहां की ओपीडी रोज 100 तक पहुंच रही है। यहां सामान्य प्रसव, टीकाकरण की सुविधा है लेकिन एएनएम और महिला चिकित्सक की कमी है। पीएचसी हरिनगर ढकिया कला में महादेव नगर, कुंडेश्वरी, बाजेवाला, खरमासा, भीमनगर आदि क्षेत्रों के ग्रामीण मरीज इलाज को पहुंचते हैं। इसमें बाजपुर क्षेत्र तक के मरीज इलाज कराने पहुंचते हैं। इसमें भी प्रतिदिन की ओपीडी 35-40 तक होती है। यह केंद्र चिकित्सक एक, नर्सिंग अधिकारी दो, लैब तकनीशियन की कमी से जूझ रहा है। ऐसा ही हाल अन्य केंद्रों का भी है। पीएचसी में ग्रामीणों को सुविधा देने के बजाए विभाग छीनने में लगा है। सभी पीएचसी से विटामिन डी, बी 12 और पीलिया की जांचें बंद कर दी है। सबसे अधिक परेशानी गर्भवतियों को हो रही है।
कोट -
केंद्र में महिला चिकित्सक और एएनएम की कमी है। विटामिन डी, बी 12 और काला पीलिया की जांच भी नहीं हो रही है। पीएचसी से यह जांच हटा दी गई है। मरीजों को एलडी भट्ट अस्पताल में जांच की सुविधा दी जा रही है। - डॉ. नसीम अहमद, प्रभारी पीएचसी नारायण नगर