गदरपुर। छह दिन पहले हुए विशाल हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी ने डीजे में हिस्सेदारी के रुपये मांगने और साली पर गलत नजर रखने की वजह से विशाल की हत्या की थी। आरोपियों को कोर्ट के आदेश पर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
बृहस्पतिवार को थाना परिसर में एसपी क्राइम चंद्रशेखर घोड़के ने बताया कि शनिवार को दिनेशपुर अंडरपास के निकट गड्ढे में ग्राम कौशलपुर निवासी विशाल उर्फ जसपाल का शव मिला था। विशाल ग्राम लंगड़ाभोज निवासी रोहित सिंह के साथ दो वर्षों से साझेदारी में डीजे चलाने का कार्य करता था। विशाल के भाई धर्मेंद्र सिंह ने रोहित और उसके साथी मोहित पर हत्या करने की आशंका जताई थी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर बारीकी से जांच के साथ ही सीसीटीवी कैमरे खंगाले। बुधवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एनडीआरएफ कैंप के पास से रोहित और मोहित को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में रोहित सिंह ने बताया कि विशाल उसकी साली पर गलत नजर रखता था और डीजे में हिस्सेदारी के रुपये भी मांग रहा था। शुक्रवार की रात बाजपुर क्षेत्र में एक वैवाहिक कार्यक्रम से डीजे चला कर वे घर पहुंचे तो उनकी विशाल से तीखी बहस और हाथापाई हो गई। गुस्से में आकर रोहित ने मोहित के साथ मिलकर विशाल के सिर पर डंडे से कई वार कर दिए। मौत होने के बाद उसे हादसे का रूप देने के लिए शव को दिनेशपुर अंडरपास के पास गड्ढे में फेंक दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर विशाल के जूते और डंडे को खेतों के पास झाड़ियों से बरामद करने के साथ ही घटना में प्रयुक्त बाइक को भी कब्जे में ले लिया। वहां पर एसपी काशीपुर अभय सिंह, सीओ अनुषा बडोला मौजूद थी।
इश्क में रहा नाकाम तो हिस्सा मांगने पर चली गई जान
डीजे के कारोबार में विशाल ने भी लगाए थे रुपये
जसपाल डोगरा
गदरपुर। करीब दो वर्ष पहले रोहित सिंह के साथ डीजे में साझेदारी करने वाले विशाल को दोस्त के हाथ ही मौत मिली। रोहित की रिश्तेदारी की एक युवती के प्रति झुकाव भी विशाल की हत्या की एक वजह निकलकर सामने आई है।
डीजे के कारोबार के चलते विशाल अपने घर न जाकर के रोहित घर पर ही रुक जाता था। रोहित के घर के हर छोटे बड़े और अच्छे बुरे कार्य में विशाल बराबर शरीक होता था। लोग भी विशाल को रोहित के घर का सदस्य समझते थे। इस बीच विशाल का झुकाव रोहित की रिश्तेदारी की एक युवती की तरफ हो गया। दोनों का इश्क परवान चढ़ा तो चर्चा आम हो गया। रोहित को इसका पता चला तो उसने विशाल को घर परिवार और रिश्तेदारी की दुहाई दी, लेकिन विशाल पर इसका असर नहीं हुआ। रोहित के बार-बार टोकने पर विशाल ने उससे साझेदारी खत्म कर अपने हिस्से की मांग कर डाली थी। इसको लेकर रोहित की विशाल से तनातनी हो गई। लोगों के समझाने के बाद मामला शांत हो गया।
शनिवार रात वह बाजपुर क्षेत्र में एक वैवाहिक कार्यक्रम से घर लौटे तो रोहित की विशाल से तीखी बहस और नोकझोंक हो गई। मामला इस कदर बढ़ गया कि रोहित ने आवेश में आकर विशाल की हत्या कर डाली। छह दिन बाद पुलिस ने बहुत ही सूझबूझ के साथ हत्याकांड का खुलासा करके विशाल के परिजनों के संदेह को भी सच साबित कर दिया है। संवाद
~~~~~~~~~~~~~~~~~~~