शक्तिफार्म। ग्राम तिलियापुर में कटना नदी पर बना 25 फीट ऊंचा पुल ग्रामीणों के लिए खतरा बन चुका है। पुल के दोनों ओर की एप्रोच सड़क के अत्यधिक संकरा और क्षतिग्रस्त होने की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है। ग्रामीणों के कई बार विभाग को एप्रोच सड़क के चौड़ीकरण की मांग को लेकर ज्ञापन देने के बावजूद कोई कार्यवाही नहीं होने से ग्रामीणों का पारा चढ़ गया। ग्रामीणों ने सांकेतिक धरना देकर लोकनिर्माण विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य उत्तम आचार्य ने कहा कि लोक निर्माण विभाग की उदासीनता के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है। कहा कि 25 फीट ऊंचे पुल की एप्रोच सड़क से वाहन खाई में गिरने से कई लोग चोटिल हो चुके हैं। कहा कि यदि लोक निर्माण विभाग संकरी सड़क के चौड़ीकरण का कार्य जल्द नहीं करेगा तो वह अनिश्चितकालीन धरन -प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। प्रदर्शन करने वालों में मुख्य रूप से सुमिंद्र यादव, सूर्य प्रताप सिंह, रामपाल साहनी, राहुल सिंह, विभूति प्रसाद, श्रीकांत, गुरदेव सिंह, गुलाब सिंह, रोहित कुमार, मुकेश कुमार आदि शामिल थे।
उधर, लोनिवि के सहायक अभियंता सतपाल ने बताया कि विभाग की ओर से 180 लाख रुपये का आगणन तैयार कर शासन को भेजा गया है। शासन से धन स्वीकृत होने के बाद क्षतिग्रस्त सड़क को दुरुस्त कराया जाएगा। क्षतिग्रस्त स्थान पर लगातार मरम्मत की रही है।