लालपुर के नगला-अटरिया मार्ग पर धरना देते ग्रामीणों को संबोधित करते हरीश पनेरु।
- फोटो : RUDRAPUR
नगला-अटरिया मार्ग की मरम्मत नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने पांच फरवरी तक सड़क निर्माण नहीं होने पर सिडकुल कार्यालय में धरना और अधिकारियों का घेराव करने की चेतावनी दी है।
रविवार को ग्राम आनंदपुर में ग्रामीणों ने सड़क पर धरना दिया। कांग्रेस प्रदेश महामंत्री हरीश पनेरू ने कहा कि अटरिया मार्ग को बने 10 साल हो चुके हैं लेकिन दो किलोमीटर में स्थित गड्ढे अब तक नहीं भरे गए हैं। इन गड्ढों से आए दिन हादसे हो रहे हें। यह सड़क सिडकुल के अधीन हैं और इसमें अधिकतर वाहन सिडकुल की कंपनियों के गुजरते हैं। सिडकुल इस सड़क की दुर्दशा के लिए पूरी तरह से जिम्मेदार है।
कहा कि कई बार सिडकुल के अधिकारियों को सड़क की दुर्दशा के बारे में अवगत कराया जा चुका है लेकिन अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय विधायक को जनता से कोई सरोकार नहीं है। विधायक केवल जनता को गुमराह करने में लगे हुए हैं और दस सालों से सड़क को ठीक नहीं करा सके हैं। सड़क मरम्मत के लिए मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी कई बार शिकायत दर्ज कराई जा चुकी हैं। वहां पर देवेंद्र शाही, दिनेश सिंह, राजकुमार पांडे, शिवजी गुप्ता, ओमप्रकाश चौबे, निशांत शाही, मदन मेहरा मनोज अधिकारी, भुवन पाठक, आदि थे।