ग्राम जसपुर खुर्द की महिलाओं ने कुंडेश्वरी तिराहा पर देशी शराब की दुकान खोलने के विरोध में दुकान के आगे धरना दिया।
शुक्रवार को दर्जनों महिलाओं व पुरुषों ने चैती तिराहा पर देशी शराब की दुकान खोलने के विरोध में प्रदर्शन किया। ग्राम प्रधान आनंद कुमार ने बताया कि दुकान गंगापुर के नाम से ही है लेकिन आबकारी अधिकारी उसे ग्राम जसपुर खुर्द में खोलते है। इसके आस पास कई स्कूल और मंदिर है। कहा कि चैती मेला क्षेत्र भी यहीं से आरंभ होता है।
बता दें कि बीते माह कुछ शराबियों की ओर से देशी शराब की दुकान के बाहर जमकर हंगामा किया था। वहां रहने वाली महिलाओं के साथ छेड़छाड़ भी की थी। ग्रामीणों ने विरोध में लगातार चार दिन दुकान के बाहर धरना दिया था। डीएम को शिकायती पत्र सौंपकर दुकान शिफ्ट करने की मांग की थी।
तब डीएम ने इस मामले में कार्रवाई करने के लिए एसडीएम पीएस राणा को निर्देश दिए थे। इधर, एसडीएम पीएस राणा ने कहा कि उन्होंने आबकारी अधिकारी से कह दिया है कि वहां शराब की दुकान नहीं खुलेगी। धरना देने वालों में प्रधान आनंद कुमार, दीपक कुमार, मुन्नी देवी, घनश्याम, दानिश मलिक, रामकली, सुनीता देवी, नीलम वर्मा आदि थे।